पुनर्वास प्रथम में समृद्धि जन कल्याण संस्थान ने किया वृक्षारोपण, जल्द शुरू होगा शिक्षा एवं महिला सिलाई प्रशिक्षण केंद्र
बीजपुर(सोनभद्र)
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर बीजपुर के पुनर्वास प्रथम में समृद्धि जन कल्याण संस्थान के पदाधिकारियों एवं सदस्यों द्वारा वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। संस्था का उद्देश्य प्रस्तावित शिक्षा केंद्र परिसर को हरा-भरा, स्वच्छ एवं छायादार बनाना है, ताकि यहां आने वाले बच्चों को बेहतर एवं अनुकूल वातावरण मिल सके।

वृक्षारोपण कार्यक्रम में संस्था के अध्यक्ष सिद्धार्थ गुप्ता, उपाध्यक्ष जावेद अहमद, कोषाध्यक्ष जय सिंह, महामंत्री महावीर सिंह गोंड, वरिष्ठ सलाहकार प्रकाश चंद विश्वकर्मा के साथ सोनू गुप्ता, रूपेश कुमार देवदास यादव सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। इस दौरान परिसर की साफ-सफाई एवं केंद्र की व्यवस्थाओं को लेकर भी चर्चा की गई।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि पुनर्वास प्रथम में निःशुल्क शिक्षा केंद्र को जल्द शुरू करने की तैयारी की जा रही है। यहां जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही क्षेत्र की महिलाओं एवं युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से महिला सिलाई प्रशिक्षण केंद्र भी शुरू किया जाएगा, जहां उन्हें सिलाई-कढ़ाई सहित रोजगारपरक प्रशिक्षण देने की योजना है।
अध्यक्ष सिद्धार्थ गुप्ता ने क्षेत्रवासियों से शिक्षा एवं प्रशिक्षण केंद्र को सुचारू रूप से संचालित करने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से केंद्र में आवश्यक संसाधन जुटाकर इसे बेहतर सुविधाओं के साथ जल्द शुरू किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि संस्था द्वारा डोडहर में भी जल्द निःशुल्क शिक्षा केंद्र का शुभारंभ किया जाएगा। संस्था का प्रयास है कि ग्रामीण एवं जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा से जोड़ने के साथ-साथ महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्रदान किया जाए।



