बिजली चोरी पर शिकंजा कोन मे मार्निंग रेड से 22 पर एफआईआर अभियान आगे भी रहेगा जारी
कोन/सोनभद्र (आनन्द जायसवाल) विद्युत वितरण खंड पिपरी के अधिशासी अभियंता दिलीप कुमार के निर्देश एवं सहायक अभियंता धीरेंद्र कुमार के पर्यवेक्षण में लाइन हानियों एवं एटीएंडसी हानियों में कमी लाने के उद्देश्य से कोन विद्युत उपकेंद्र के चयनित फीडर रामगढ़ व कोन क्षेत्र में मॉर्निंग रेड अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान अवैध कनेक्शनधारियों एवं बकायेदार उपभोक्ताओं के खिलाफ कारवाई की गई।
अवर अभियंता अजय कुमार गुप्ता ने बताया कि अभियान के दौरान 22 उपभोक्ताओं के खिलाफ एफआईआर की कार्रवाई की गई। वहीं 7 उपभोक्ताओं के कनेक्शन एलएमवी-1 से एलएमवी-2 में किए गए तथा पांच उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए गए। इसके अलावा करीब 32 बकायेदार उपभोक्ताओं पर लगभग 96000हजार रुपये की बकाया राशि पाए जाने पर लाइन विच्छेदन की कार्रवाई की गई। वहीं 30 उपभोक्ताओं से पार्ट पेमेंट के रूप में 1.05 लाख रुपये जमा कराए गए।
विद्युत विभाग ने सम्मानित उपभोक्ताओं से अपील की है कि किसी भी प्रकार की परेशानी से बचने के लिए बिजली का बिल समय से जमा करें और विद्युत कनेक्शन से संबंधित नियमों का पालन करें। यदि किसी उपभोक्ता को बिल, मीटर, कनेक्शन अथवा विद्युत आपूर्ति से संबंधित कोई समस्या है तो वह कोन के जेई से मिलकर अपनी समस्या का समाधान करा सकता है।
अधिकारियों ने बताया कि लाइन लॉस कम करने के उद्देश्य से मॉर्निंग रेड अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। कोन विद्युत उपकेंद्र से जुड़े सभी फीडरों पर समय-समय पर सुबह के समय जांच अभियान चलाया जाएगा। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि बकाया बिजली बिल का समय से भुगतान करे और जांच अभियान में विभाग का सहयोग करे।

