भारी बारिश और जलभराव के चलते 3 सितंबर को भी बंद रहेंगे माध्यमिक विद्यालय
सोनभद्र (विकास द्विवेदी) जिले में लगातार हो रही भारी बारिश, अत्यधिक जलभराव एवं छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए जिलाधिकारी के निर्देश पर 3 सितंबर 2026 को कक्षा 1 से 12 तक संचालित माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षण कार्य बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार जनपद के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त एवं अन्य बोर्डों से संचालित कक्षा 1 से 12 तक के माध्यमिक विद्यालय बंद रहेंगे। हालांकि आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सभी शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी विद्यालय में उपस्थित रहेंगे और विभागीय निर्देशानुसार यू-डायस प्रोग्रेशन, बोर्ड पंजीकरण, इंस्पायर अवार्ड पंजीकरण, स्वयं पोर्टल, ज्ञान एकेडमी सहित अन्य विभागीय कार्यों का क्रियान्वयन करते रहेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक ने सभी प्रधानाचार्यों एवं प्रधानाध्यापकों को उक्त आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।


