सोनभद्र

दो टोलों के 50 घरों में आज तक नहीं पहुंची बिजली, 250 से अधिक ग्रामीण अंधेरे में

पिंडारी ग्राम पंचायत के सतपेड़वा टोला और बैगानी बस्ती के ग्रामीणों ने बिजली पोल लगाकर आपूर्ति शुरू कराने की उठाई मांग

म्योरपुर/सोनभद्र(विकास अग्रहरि)

स्थानीय ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत पिंडारी के दो टोलों में आज तक बिजली की सुविधा नहीं पहुंच सकी है। सतपेड़वा टोला और बैगानी बस्ती के करीब 50 घरों में रहने वाले 250 से अधिक ग्रामीण वर्षों से बिजली जैसी बुनियादी सुविधा से वंचित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि दोनों बस्तियों में लंबे समय से लोग निवास कर रहे हैं, इसके बावजूद अब तक वहां बिजली के पोल तक नहीं लगाए गए हैं। ऐसे में ग्रामीणों को आज भी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, सतपेड़वा टोला में करीब 30 घर हैं, जहां लगभग 150 लोग निवास करते हैं। वहीं बैगानी बस्ती में करीब 20 घरों के लगभग 96 लोग बिजली की सुविधा से वंचित हैं। बिजली न होने से दोनों बस्तियों के लोगों को रोजमर्रा के जीवन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि बैगानी टोला में बेगा, हरिजन और गोंड़ समुदाय के परिवार निवास करते हैं। वर्षों से बिजली पहुंचने की उम्मीद लगाए इन परिवारों को अब तक केवल आश्वासन ही मिला है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार बिजली सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
बिजली के अभाव का सबसे अधिक असर बच्चों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। शाम ढलने के बाद घरों में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं होने से बच्चों को पढ़ाई करने में कठिनाई होती है। ग्रामीणों को गर्मी के दिनों में बिजली के अभाव में भारी परेशानी उठानी पड़ती है, वहीं बरसात के मौसम में अंधेरे के कारण आवागमन और अन्य दैनिक कार्य भी मुश्किल हो जाते हैं।
ग्रामीण उदय यादव, अमरजीत, लक्ष्मण, गुडूल, पुष्पा, बिहारी, राम आधार यादव, राम दुलारे और किशुन ने बताया कि सरकार की ओर से गांवों के विकास और समाज के अंतिम व्यक्ति तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने की बात कही जाती है, लेकिन उनकी बस्ती में आज तक बिजली के पोल तक नहीं लगाए जा सके हैं।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब दोनों टोलों में लंबे समय से बड़ी आबादी निवास कर रही है तो उन्हें बिजली जैसी बुनियादी सुविधा से अब तक क्यों वंचित रखा गया है। ग्रामीणों ने संबंधित विद्युत विभाग और प्रशासन से दोनों टोलों का शीघ्र सर्वे कराकर बिजली के पोल लगाए जाने तथा विद्युत लाइन का विस्तार करते हुए जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है।

Vikash Agrahari

विकास अग्रहरी सोनभद्र म्योरपुर निवासी है। कम समय मे विकास अग्रहरी आज जिले की पत्रकारिता मे एक जाना पहचाना नाम है।

Related Articles

Back to top button
BREAKING NEWS
दो टोलों के 50 घरों में आज तक नहीं पहुंची बिजली, 250 से अधिक ग्रामीण अंधेरे में बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, घायल युवक की इलाज के दौरान मौत बारिश के चलते सोनभद्र में कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल 2 सितंबर को बंद एसडीएम,सीओ व थाना प्रभारी ओबरा सहित प्रशासन टीम ने ग्रामीणों से सुरक्षित स्थान पर की रहने की अपील सोन नदी का जलस्तर बढ़ने से बाड़ी गांव से मल्लहनी टोला का संपर्क मार्ग जलमग्न आवागमन बाधित बारिश के चलते सोनभद्र मे कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूल 1 सितंबर को बंद पुलिया बहने से छत्तीसगढ़ जाने वाला मार्ग बाधित, ग्रामीण परेशान प्रणय प्रसून की नेक पहल गुम हुई सोने की चेन तलाश कर महिला को सकुशल सुपुर्द किया दुद्धी नगर पंचायत चेयरमैन कमलेश मोहन ने को नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा को सौपा ज्ञापन कला उत्सव मे छात्राओ ने लहराया परचम
Download App