सड़क हादसे में युवती की मौत, अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज।

कोन/सोनभद्र (आनन्द जायसवाल)
स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कचनरवा में सोमवार की देर शाम सड़क हादसे में एक युवती की मौत हो गई। कचनरवा कस्बे से सब्जी व अन्य घरेलू सामान लेकर घर लौट रही युवती को गैस गोदाम असनावांध से पहले मुख्य मार्ग पर विपरीत दिशा से आ रहे अज्ञात मोटरसाइकिल सवार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन व आसपास के लोगों ने घायल युवती को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोन पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा से मिली जानकारी के अनुसार, कचनरवा गांव के टोला बैसाहूखाड़ी निवासी भूनेश्वर उरांव की पुत्री किरन कुमारी सोमवार की देर शाम कचनरवा कस्बे से सब्जी और अन्य घरेलू सामान लेकर अपने घर जा रही थी। इसी दौरान गैस गोदाम असनावांध से पहले मुख्य मार्ग पर विपरीत दिशा से तेज गति में आ रहे मोटरसाइकिल सवार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही किरन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे के बाद मोटरसाइकिल सवार मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों की मदद से घायल किरन को आनन-फानन में सीएचसी कोन ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।वही मृतिका युवती के शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेजा गया।
घटना के संबंध में मृतका के पिता भूनेश्वर उरांव पुत्र स्वर्गीय रामधनी उरांव निवासी कचनरवा टोला बैसाहूखाड़ी, थाना कोन की ओर से पुलिस को प्रार्थना पत्र दिया गया। तहरीर के आधार पर थाना कोन पुलिस ने अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वही आगे थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की विवेचना उपनिरीक्षक शिवनारायण यादव को सौंपी गई है। पुलिस द्वारा वाहन चालक की पहचान करने के लिए मामले की जांच की जा रही है,।



