पुलिया बहने से छत्तीसगढ़ जाने वाला मार्ग बाधित, ग्रामीण परेशान
बभनी। बभनी ब्लॉक क्षेत्र की सतबहनी ग्राम पंचायत के अधौरा गांव में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण संपर्क मार्ग पर बनी पुलिया बह गई। पुलिया के क्षतिग्रस्त होने से अधौरा से रम्पाकुरर बाजार तथा छत्तीसगढ़ को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। इससे क्षेत्र के कई गांवों के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार सोमवार रात से क्षेत्र में लगातार तेज बारिश हो रही थी। मंगलवार सुबह अधौरा चौराहे से रम्पाकुरर बाजार जाने वाले मार्ग पर बाबूलाल के घर के समीप बनी पुलिया बारिश के तेज बहाव को नहीं झेल सकी और पूरी तरह टूटकर बह गई।
पुलिया बह जाने के कारण अधौरा से दरीटोला, झपरा, नवाटोला और रम्पाकुरर सहित आसपास के गांवों तथा छत्तीसगढ़ की ओर आने-जाने वाले लोगों का संपर्क प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों को अब आवागमन के लिए वैकल्पिक और लंबा रास्ता तलाशना पड़ रहा है। वहीं, स्कूली बच्चों के सामने भी स्कूल पहुंचने की समस्या खड़ी हो गई है।
बताया गया कि मंगलवार सुबह कुछ समय के लिए बारिश रुकने के बाद लोगों को राहत मिली थी, लेकिन कुछ घंटों बाद एक बार फिर बारिश शुरू हो गई। लगातार हो रही बारिश के चलते ग्रामीणों में मार्ग की स्थिति को लेकर चिंता बनी हुई है।
ग्रामीण मुकेश कुमार, देवसिंह, रामबली, भगवान दास, विजय, जितेंद्र कुमार और देवनारायण सहित अन्य लोगों ने जिलाधिकारी का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित कराया है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मामले की जांच कराते हुए जल्द से जल्द पुलिया की मरम्मत कराने और आवागमन के लिए तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने की मांग की है।



