एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण से पहले मुआवजे की मांग, किसानों ने किया प्रदर्शन

सोनभद्र (विकास द्विवेदी) प्रस्तावित विंध्य एक्सप्रेसवे के लिए भूमि अधिग्रहण से पहले मुआवजे और परिसंपत्तियों के आकलन में पारदर्शिता की मांग को लेकर सोमवार को किसानों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपकर किसानों ने भूमि का मुआवजा वर्तमान बाजार मूल्य के आधार पर निर्धारित करने समेत विभिन्न मांगें उठाईं। किसानों ने कहा कि विकास कार्यों के साथ प्रभावित किसानों के हितों की रक्षा भी सुनिश्चित की जाए।
सोनभद्र किसान संघर्ष समिति के अध्यक्ष मनोज कुमार कुशवाहा के नेतृत्व में पहुंचे किसानों ने कहा कि एक्सप्रेसवे से प्रभावित गांवों में ग्राम सभाओं और समितियों के माध्यम से किसानों के हितों पर चर्चा की जा रही है।
किसानों ने अधिग्रहित भूमि का मुआवजा वर्तमान बाजार मूल्य के आधार पर देने और भूमि का मूल्यांकन उसके प्रस्तावित उपयोग को ध्यान में रखकर करने की मांग की। साथ ही भूमि व परिसंपत्तियों के आकलन में आरआर रूल का शत-प्रतिशत अनुपालन कराने की मांग उठाई।
किसानों ने निर्धारित मुआवजे का समय-समय पर पुनर्मूल्यांकन कराने तथा आपत्तियों का सक्षम अधिकारी से निस्तारण कराने की मांग भी रखी। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि महापंचायत के बाद किसान प्रतिनिधिमंडल अधिकारियों से मिलकर मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपेगा। प्रदर्शन में राम बहादुर सिंह, फिरोज खान, सदानंद, ज्योति जंग सिंह, सत्येंद्र पाठक, डॉ. ओपी मौर्य, रामप्रवेश, बाबू नंदन यादव, बाबूलाल, अंकित पाठक, गौरी शंकर सिंह, अमित जायसवाल, बलवंत, रामाशीष, नवीन समेत बड़ी संख्या में किसान शामिल रहे।



