जर्जर बिजली तार व पोल बदलने और विस्तारित क्षेत्रों में विद्युतीकरण की मांग

सोनभद्र (विकास द्विवेदी) नगर पालिका क्षेत्र में जर्जर विद्युत तारों और पोल को बदलने तथा विस्तारित क्षेत्रों में विद्युतीकरण की मांग को लेकर सोमवार को पालिकाध्यक्ष रूबी प्रसाद ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री एके शर्मा से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान नगर विकास से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा हुई।
पालिकाध्यक्ष ने नगर पालिका क्षेत्र में जर्जर विद्युत तारों और पुराने पोल से उत्पन्न समस्या को मंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि जर्जर तार और पोल के कारण लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है। ऐसे में इन्हें प्राथमिकता के आधार पर बदलवाया जाना आवश्यक है।
इसके साथ ही नगर पालिका क्षेत्र के विस्तारित हिस्सों में विद्युतीकरण कराने की मांग भी रखी गई। उन्होंने कहा कि नगर का विस्तार होने के साथ नई बस्तियों में भी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। बिजली जैसी आवश्यक सुविधा से लोगों को वंचित नहीं रहना चाहिए।
भेंट के दौरान नगर के समग्र विकास, जनसुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति देने समेत अन्य विषयों पर भी चर्चा हुई। पालिकाध्यक्ष ने बताया कि मंत्री से विभिन्न मुद्दों पर मार्गदर्शन और सुझाव प्राप्त हुए। उन्होंने नगर के विकास से जुड़े प्रस्तावों पर सकारात्मक पहल की उम्मीद जताई।



