पाइपलाइन के लिए खोदे गए गड्ढे में फंसा बाक्साइट लदा ट्रक, पलटने से बचा

मुर्धवा-बीजपुर मुख्य मार्ग पर आश्रम मोड़ के समीप हुई घटना, ग्रामीणों ने सड़क दुरुस्त कराने की उठाई मांग

म्योरपुर/सोनभद्र(विकास अग्रहरि)
स्थानीय थाना क्षेत्र के मुर्धवा-बीजपुर मुख्य मार्ग पर आश्रम मोड़ के समीप सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई, जब बाक्साइट लादकर जा रहा एक ट्रक सड़क किनारे खोदे गए गड्ढे में फंसकर एक तरफ झुक गया। गनीमत रही कि ट्रक पूरी तरह नहीं पलटा, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के अनुसार, ट्रक छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर से बाक्साइट लादकर रेणुकूट की ओर जा रहा था। आश्रम मोड़ के समीप पहुंचते ही ट्रक का पहिया सड़क किनारे मौजूद गड्ढे में चला गया। बताया जा रहा है कि हर घर जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क किनारे गड्ढा खोदा गया था, जिसे कार्य पूरा होने के बाद भी ठीक ढंग से नहीं भरा गया।
ग्रामीणों के अनुसार लगातार हो रही बारिश के कारण उक्त गड्ढे में पानी और कीचड़ भर गया था। सड़क से गुजरने के दौरान ट्रक का पहिया गड्ढे में चला गया, जिससे उसका पिछला हिस्सा कीचड़ में बुरी तरह धंस गया और ट्रक एक तरफ झुक गया। भारी भरकम ट्रक के झुकने से उसके पलटने की आशंका बनी रही, जिससे आसपास मौजूद लोगों में भी कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
हालांकि चालक की सतर्कता और संयोगवश ट्रक पूरी तरह नहीं पलटा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए मुर्धवा-बीजपुर मुख्य मार्ग पर यातायात भी प्रभावित रहा। सड़क से गुजरने वाले वाहनों को सावधानीपूर्वक निकलना पड़ा।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हर घर जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क किनारे कई स्थानों पर गड्ढे खोदे गए हैं, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद उन्हें मानक के अनुरूप नहीं भरा गया है। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी और कीचड़ भर जाने से वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पूर्व इसी स्थान के आसपास सवारियों से भरी एक बस का पहिया भी गड्ढे में धंस गया था। समय रहते बस को निकाल लिया गया था, जिससे कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई। इसके बावजूद सड़क किनारे बने गड्ढों को भरने और मार्ग को दुरुस्त करने की दिशा में अभी तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और कार्यदायी संस्था से मांग की है कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क किनारे छोड़े गए गड्ढों को जल्द से जल्द भरवाया जाए तथा क्षतिग्रस्त सड़क को दुरुस्त कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।



