बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, घायल युवक की इलाज के दौरान मौत

म्योरपुर/सोनभद्र ( विकास अग्रहरि)
म्योरपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के बलियारी गांव के पास एक सप्ताह पूर्व बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने से गंभीर रूप से घायल युवक की सोमवार को वाराणसी के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया। मृतक के भाई की तहरीर पर म्योरपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जामपानी गांव निवासी देवलाल करीब एक सप्ताह पूर्व म्योरपुर से बाइक से अपने घर जा रहा था। इसी दौरान बलियारी गांव के समीप उसकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। हादसे में देवलाल के सिर में गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद परिजनों द्वारा उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल से भी हालत में सुधार न होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए वाराणसी भेजा गया।
बताया गया कि वाराणसी के ट्रामा सेंटर ले जाने के बाद बाद में एक निजी अस्पताल में उसका उपचार चल रहा था। इलाज के दौरान सोमवार को उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर म्योरपुर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। मृतक के भाई की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी भेज दिया गया।
उपनिरीक्षक श्यामदेव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक के बाइक से अनियंत्रित होकर गिरने की बात सामने आई है। भाई की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।



