मारकुंडी घाटी के झरने में पिकनिक का मातम, पहाड़ी से गिरकर युवक की मौत

स्नान के दौरान ऊंची पहाड़ी पर चढ़ना पड़ा भारी, पैर फिसलने से नीचे गिरा युवक; मेडिकल कॉलेज में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
मारकुंडी, सोनभद्र(ओम प्रकाश गुप्ता)
चोपन थाना क्षेत्र के मारकुंडी घाटी में पिकनिक मनाने पहुंचे एक युवक की झरने की ऊंची पहाड़ी से गिरने के बाद मौत हो गई। हादसे के बाद पिकनिक का माहौल अचानक मातम में बदल गया। घटना से मृतक के परिजनों और साथियों में कोहराम मच गया।

बताया जाता है कि सूबेदार यादव उर्फ मुन्ना पुत्र भोला यादव, निवासी मारकुंडी गांव, थाना चोपन, अपने दर्जनों साथियों के साथ मारकुंडी घाटी में पिकनिक मनाने गया था। इसी दौरान वह झरने के पास स्नान करने के लिए ऊंची पहाड़ी पर चढ़ गया। स्नान के बाद नीचे उतरते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह पहाड़ी से नीचे जा गिरा।
पहाड़ी से गिरने के कारण युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर मौजूद साथियों और अन्य लोगों ने तत्काल उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे ने एक बार फिर मारकुंडी घाटी के झरनों और ऊंची पहाड़ियों पर पिकनिक के दौरान बरती जाने वाली सावधानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।



