सोनभद्र के युवा पत्रकार आशीष गुप्ता का आगरा की कार्यशाला के लिए चयन
म्योरपुर/सोनभद्र(विकास अग्रहरि)
सोनभद्र के युवा संपादक एवं पत्रकार आशीष कुमार गुप्ता का चयन पृथ्वी पत्रकारिता नेटवर्क की ओर से आगरा में आयोजित होने वाली नवीकरणीय ऊर्जा संबंधी कार्यशाला के लिए किया गया है। यह कार्यशाला 24 से 26 सितंबर 2026 तक आयोजित होगी। कार्यशाला में देश के विभिन्न क्षेत्रों से चयनित पत्रकार और संचारक भाग लेकर नवीकरणीय ऊर्जा तथा ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों पर अपने अनुभव साझा करेंगे।
आशीष कुमार गुप्ता वर्ष 2019 से ‘सोन प्रभात’ के संपादक के रूप में स्वतंत्र पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। इसके साथ ही वह ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, सामाजिक सरोकार, जल संरक्षण, ग्रामीण आजीविका, सौर ऊर्जा, प्राकृतिक संसाधन और स्थानीय विकास जैसे विषयों पर लगातार कार्य करते आ रहे हैं। ग्रामीण अंचलों में जमीनी स्तर पर सक्रिय रहते हुए उन्होंने गांव, किसान, युवा और आम लोगों से जुड़े अनेक स्थानीय मुद्दों को पत्रकारिता के माध्यम से सामने लाने का प्रयास किया है।
आगरा में आयोजित कार्यशाला में आशीष गुप्ता सोनभद्र के ग्रामीण क्षेत्रों के अपने अनुभव और स्थानीय चुनौतियों को साझा करेंगे। उनका कहना है कि सोनभद्र को समझने के लिए यहां के गांवों, किसानों, युवाओं और प्राकृतिक संसाधनों पर निर्भर लोगों की समस्याओं और अनुभवों को समझना जरूरी है। कार्यशाला के माध्यम से उनका प्रयास रहेगा कि सोनभद्र के जमीनी अनुभवों और स्थानीय चुनौतियों को तथ्यपरक ढंग से व्यापक मंच पर रखा जा सके।उनका चयन सोनभद्र की स्थानीय पत्रकारिता और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों को व्यापक स्तर पर सामने रखने का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। चयन की जानकारी मिलने पर स्थानीय पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने आशीष गुप्ता को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

