छह माह से मानदेय नहीं मिलने से मनरेगा कर्मियों के सामने आर्थिक संकट
म्योरपुर/सोनभद्र (विकास अग्रहरि)
म्योरपुर। विकासखंड म्योरपुर में मनरेगा योजना के तहत कार्यों के संचालन में लगे कर्मचारियों को पिछले करीब छह माह से मानदेय नहीं मिलने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण कर्मचारियों को परिवार का खर्च चलाने के साथ ही रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मनरेगा योजना के तहत ग्राम पंचायतों में विभिन्न विकास कार्यों के संचालन और निगरानी में लगे कर्मियों का कहना है कि उन्हें कई महीनों से मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। कर्मचारियों के मुताबिक, मानदेय ही उनकी आय का प्रमुख साधन है। लगातार भुगतान लंबित रहने से घरेलू खर्च, बच्चों की पढ़ाई, आवागमन और अन्य जरूरी खर्चों को पूरा करना मुश्किल हो गया है।
कर्मचारियों ने बताया कि मानदेय भुगतान को लेकर कई बार ब्लॉक स्तर के अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया जा चुका है। इसके बावजूद अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। लंबे समय से मानदेय नहीं मिलने से कर्मचारियों में नाराजगी भी बढ़ रही है।
मनरेगा कर्मियों ने संबंधित अधिकारियों से शीघ्र मानदेय भुगतान कराने की मांग की है, ताकि उन्हें आर्थिक परेशानी से राहत मिल सके। कर्मचारियों का कहना है कि समय से मानदेय का भुगतान होने से वे मनरेगा के कार्यों का संचालन भी बेहतर ढंग से कर सकेंगे।


