15 दिनों से जियो नेटवर्क की समस्या से परेशान कचनरवा क्षेत्र की 50 हजार आबादी

₹349 का रिचार्ज कराने के बाद भी 5जी सेवा का समुचित लाभ नहीं, उपभोक्ताओं में नाराजगी*
कोन/सोनभद्र। (आनन्द जायसवाल)
कचनरवा क्षेत्र में पिछले करीब 15 दिनों से जियो नेटवर्क की समस्या बनी हुई है। करीब 50 हजार की आबादी वाले इस क्षेत्र में जियो उपभोक्ताओं को नेटवर्क कमजोर होने के कारण मोबाइल कॉलिंग और इंटरनेट सेवा में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि ₹349 का रिचार्ज कराने के बावजूद उन्हें 5जी नेटवर्क और हाईस्पीड इंटरनेट सेवा का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
नेटवर्क की समस्या के कारण इंटरनेट की स्पीड बेहद प्रभावित है। इससे ऑनलाइन पढ़ाई, बैंकिंग, डिजिटल भुगतान, सरकारी एवं निजी ऑनलाइन कार्यों के साथ ही मोबाइल पर बातचीत करने में भी लोगों को दिक्कत हो रही है। कई स्थानों पर नेटवर्क सिग्नल कमजोर रहने के कारण कॉल करने और कॉल रिसीव करने में भी परेशानी होने की बात उपभोक्ताओं ने बताई।
क्षेत्र के उपभोक्ताओं का कहना है कि वे नियमित रूप से रिचार्ज करा रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद पिछले करीब 15 दिनों से नेटवर्क की समस्या बनी हुई है। इससे लोगों में कंपनी के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।
उपभोक्ताओं ने जियो कंपनी के संबंधित अधिकारियों से कचनरवा क्षेत्र की नेटवर्क व्यवस्था की जांच कराकर समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द नेटवर्क सेवा में सुधार नहीं हुआ तो उपभोक्ता सामूहिक रूप से धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे। क्षेत्रवासियों ने कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर नेटवर्क व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।

