सोन नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर प्रशासन अलर्ट, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने घाटों किया स्थलीय निरीक्षण

चोपन( गुड्डू मिश्रा)। सोन नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। नदी के जलस्तर में हो रही वृद्धि को लेकर जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने गुरुवार को चोपन पहुंचकर सोन नदी के विभिन्न घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया और मौके पर सुरक्षा व्यवस्था एवं जलस्तर की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सबसे पहले सोन नदी में पानी का जलस्तर मापने के लिए लगाए गए माप गेज का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से नदी के वर्तमान जलस्तर तथा जलस्तर में हो रहे उतार-चढ़ाव की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न होने से पहले आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं। जिलाधिकारी ने छठ घाट एवं सोमेश्वर घाट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने घाटों की स्थिति, नदी के किनारे सुरक्षा व्यवस्था तथा लोगों की आवाजाही का जायजा लिया। इस दौरान मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों से बातचीत करते हुए जिलाधिकारी ने नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी के किनारे नहीं जाने और पानी के नजदीक पहुंचने से बचने की अपील की। उन्होंने लोगों से कहा कि प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी तरह का जोखिम न उठाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि सोन नदी के जलस्तर पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है। संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। जलस्तर में वृद्धि की स्थिति में आसपास के क्षेत्रों में तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी बागीश शुक्ला, सिंचाई विभाग ओबरा अधिशासी अभियंता रूपेश कुमार खरे, उपजिलाधिकारी रवि कुमार, क्षेत्राधिकारी रणधीर मिश्रा, नगर पंचायत चोपन के अधिशासी अधिकारी अखिलेश सिंह तथा थाना प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता सहित राजस्व एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।इसके अलावा क्षेत्रीय लेखपाल अम्बुज पांडेय, चंदन शर्मा, लेखपाल अमित सिंह, वीडीओ अजीत यादव सहित केंद्रीय जल आयोग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भी मौके पर उपस्थित रहे। अधिकारियों ने संयुक्त रूप से नदी के जलस्तर और घाटों की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा एवं बचाव उपायों को लेकर चर्चा की। प्रशासन की इस सक्रियता के बाद सोन नदी के आसपास रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नदी के जलस्तर में बढ़ोतरी को गंभीरता से लिया जा रहा है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।इस दौरान संजीव तिवारी, प्रदीप अग्रवाल, लवकुश भारती, सुनील सिंह आदि मौजूद रहे |



