सफाईकर्मी का बेटा बना भाजपा काशी क्षेत्र का क्षेत्रीय महामंत्री अजीत रावत को मिली बड़ी जिम्मेदारी

सोनभद्र (विकास द्विवेदी) भारतीय जनता पार्टी में संगठनात्मक जिम्मेदारियों के क्रम में अनुसूचित मोर्चा से जुड़े, जिला उपाध्यक्ष एवं सदर ब्लॉक प्रमुख अजीत रावत को भाजपा काशी क्षेत्र का क्षेत्रीय महामंत्री बनाए जाने पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी का माहौल है। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अजीत रावत ने भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेतृत्व एवं संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है। इस दौरान समाज कल्याण मंत्री संजीव गौड़ समेत तमाम कार्यकर्ताओं ने उनके आवास पर पहुंचकर माला पहनाकर स्वागत किया।
साधारण परिवार से निकलकर संगठन में अपनी अलग पहचान बनाने वाले अजीत रावत ने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास व्यक्त किया है, उसके लिए वे भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष एवं प्रदेश नेतृत्व के प्रति सदैव कृतज्ञ रहेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें सौंपे गए इस नए दायित्व का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा सौंपा गया यह दायित्व उनके लिए केवल एक पद नहीं, बल्कि जनसेवा और संगठन सेवा का एक महत्वपूर्ण संकल्प है। संगठन की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी और वे सदैव पार्टी की विचारधारा एवं संगठन के प्रति पूरी निष्ठा के साथ समर्पित रहेंगे। अजीत रावत ने कहा कि एक सफाईकर्मी के बेटे को भारतीय जनता पार्टी जैसे बड़े संगठन में क्षेत्रीय महामंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलना पार्टी के उस सिद्धांत को दर्शाता है, जिसमें सामान्य कार्यकर्ता को भी उसकी मेहनत, निष्ठा और संगठन के प्रति समर्पण के आधार पर आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए भाजपा के शीर्ष नेतृत्व, प्रदेश नेतृत्व, क्षेत्रीय नेतृत्व, जिला नेतृत्व तथा सभी शुभचिंतकों और कार्यकर्ताओं के प्रति दिल से आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता, अशोक मिश्रा, रमेश पटेल, संजीव त्रिपाठी, मोहन कुशवाहा, बृजेश श्रीवास्तव, शंभू नारायण सिंह, अनिल सिंह, विनय श्रीवास्तव, रजनीश रघुवंशी, अमन मौर्य, धीरेन्द्र पांडेय, अभिषेक गुप्ता, अनुपम तिवारी, आलोक रावत सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

