जमतिहवा नाला के पास राखड़ से लदा ट्रक पलटा, घंटों बाधित रहा आवागमन

लंबा जाम लगने से यात्रियों, विद्यार्थियों और श्रमिकों को हुई भारी परेशानी, वैकल्पिक मार्ग से निकाले गए वाहन
म्योरपुर/सोनभद्र (विकास अग्रहरि)
म्योरपुर। म्योरपुर-बीजपुर मुख्य मार्ग पर रनटोला गांव स्थित जमतिहवा नाला के समीप मंगलवार को राखड़ से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मुख्य मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। समाचार लिखे जाने तक ट्रक सड़क पर ही पड़ा था और यातायात बहाल नहीं हो सका था। इसके चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं और यात्रियों, विद्यार्थियों, श्रमिकों तथा दैनिक आवागमन करने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। दुर्घटना में ट्रक चालक को मामूली चोटें आई हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, राखड़ से लदा ट्रक मुर्धवा की ओर जा रहा था। रनटोला गांव के पास जमतिहवा नाला के निकट स्थित लंबे, घुमावदार और संकरे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे ट्रक सड़क पर पलट गया और पूरी सड़क अवरुद्ध हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई तथा दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और

यातायात व्यवस्था संभाली। जाम से राहत दिलाने के लिए रेणुकूट की ओर जाने वाले वाहनों को आश्रम मोड़ से दुद्धी मार्ग की ओर डायवर्ट किया गया, जबकि बीजपुर और अंबिकापुर जाने वाले वाहनों को रनटोला-कटौली मार्ग से निकाला जा रहा है।
समाचार लिखे जाने तक ट्रक को हटाने का कार्य जारी था और मुख्य मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बहाल नहीं हो सका था। स्थानीय लोगों का कहना है कि जमतिहवा नाला के पास का मोड़ काफी संकरा और खतरनाक है, जहां पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। लोगों ने प्रशासन से इस स्थान पर सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम, चेतावनी संकेतक तथा सड़क चौड़ीकरण कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


