आदिवासी समाज के अधिकारों को लेकर बैठक में उठी आवाज

म्योरपुर/सोनभद्र(विकास अग्रहरि)
म्योरपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत कुण्डाडीह में रविवार को मंगला प्रसाद के आवास पर आदिवासी समाज की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बबई सिंह मरकाम ने की, जबकि संचालन अमर सिंह खरवार ने किया। बैठक में आदिवासी समाज के अधिकारों, शिक्षा, जमीन की सुरक्षा, आरक्षण, पेसा एक्ट और खनिज संपदा पर स्थानीय लोगों के अधिकार समेत विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए सलखन से आए दुर्गा प्रसाद पठारी ने कहा कि जल, जंगल और जमीन आदिवासी समाज की पहचान और अधिकार से जुड़े हैं। उन्होंने समाज के लोगों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने तथा बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने का आह्वान किया। उन्होंने आदिवासी समाज के लिए अलग राष्ट्र की मांग का मुद्दा भी बैठक में रखा।
मंगला प्रसाद ने कहा कि आदिवासी समाज के लोगों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और संगठित होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता से ही सामाजिक और आर्थिक समस्याओं का समाधान संभव है।
पनिका समाज के राधेश्याम पनिका ने आदिवासी समाज की जमीन को संरक्षित किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आदिवासी परिवारों की जमीन की सुरक्षा के लिए समाज को एकजुट होकर आवाज उठानी चाहिए।
अध्यक्षता कर रहे बबई सिंह मरकाम ने आगामी पंचायत चुनाव में 21 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग उठाई। उन्होंने आदिवासी धर्म कोड के लिए अलग कॉलम, पेसा एक्ट तथा पांचवीं, छठवीं और आठवीं अनुसूची के प्रावधानों को लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की खनिज संपदा पर स्थानीय आदिवासी समाज के अधिकार को सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों का लाभ यहां के लोगों को मिल सके।
बैठक का संचालन कर रहे अमर सिंह खरवार ने सोनभद्र जिले में स्थापित अडाणी कंपनी का विरोध जताया। उन्होंने कहा कि जिले के आदिवासी समाज के कई लोग रोजगार की तलाश में पलायन कर दूसरे प्रदेशों में काम करने के लिए मजबूर हैं, जबकि सोनभद्र में बड़े पैमाने पर औद्योगिक कंपनियां स्थापित हैं और उनमें दूसरे प्रदेशों से आकर लोग काम कर रहे हैं। उन्होंने स्थानीय आदिवासी युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग की।
बैठक में वक्ताओं ने आदिवासी समाज के लोगों से शिक्षा पर विशेष ध्यान देने, अपनी जमीन और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के लिए जागरूक होने तथा सामाजिक अधिकारों के लिए संगठित होकर संघर्ष करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर बबई सिंह मरकाम, राधेश्याम पनिका, कृपाशंकर पनिका, रामरूप गोंड, मोहनलाल पनिका, अनुपम सिंह, रविंद्र पनिका, तुलसी राम पनिका, देवशाह उरेती, रामलखन मरकाम, हरिप्रसाद सलबंदी सहित खरवार महासभा के जिलाध्यक्ष अशोक खरवार और विभिन्न आदिवासी संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



