आगामी त्योहारों को लेकर कोन थाना परिसर में हुई पीस कमेटी की बैठक

कोन/सोनभद्र (आनन्द जायसवाल).आगामी बरावफात, रक्षाबंधन एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्वों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को कोन थाना परिसर में थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश मिश्रा की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, एवं विभिन्न समुदायों के लोगों ने भाग लिया। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा ने सभी से आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाने की अपील करते हुए लोगों से सुझाव लिए।
उन्होंने कहा कि सरकार एवं प्रशासन द्वारा जारी सभी गाइडलाइंस का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य है। किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने अथवा कानून-व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न देने और शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
बैठक में मौजूद लोगों ने त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने का भरोसा दिलाया।



