सोनभद्र

झूलते हाईवोल्टेज तार ने ली किशोर की जान, मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम


कोन/ सोनभद्र।(आनन्द जायसवाल)
स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पड़रछ के खड़ार टोला में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में हाईवोल्टेज विद्युत तार की चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया। नाराज ग्रामीणों ने शव को कोन-तेलगुड़वा मार्ग पर रखकर सड़क जाम कर दिया और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
जानकारी के अनुसार खड़ार टोला निवासी संदीप यादव (16) पुत्र बेचू यादव उर्फ रमाशंकर यादव मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे बकरी चराने खेत की ओर गया था। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के विद्युत तार की चपेट में आ गया। ग्रामीणों के अनुसार यह तार लंबे समय से काफी नीचे लटक रहा था। करंट लगने से संदीप गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मृतक दो भाइयों में सबसे छोटा था। जवान बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि झूलते हाईवोल्टेज तार की शिकायत कई बार विभागीय अधिकारियों से की गई थी। इस संबंध में तहसील दिवस में भी प्रार्थना पत्र दिया गया था, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की उदासीनता के कारण यह हादसा हुआ।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शाम करीब चार बजे शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया तथा मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सूचना पर उपजिलाधिकारी विवेक कुमार सिंह, कोन थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मिश्रा तथा अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। उपजिलाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच में जो भी कर्मचारी या अधिकारी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में जर्जर एवं झूलते विद्युत तारों को बदलवाने तथा मृतक के परिजनों को शासन स्तर से उचित मुआवजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
काफी समझाने बुझाने के बाद ग्रामीण शांत हुए और जाम समाप्त कराया गया। मौके पर कानून व्यवस्था में मदद करने के लिए मुकेश यादव, अवधेश राय एवं सुरेन्द्र जायसवाल सहित पुलिस बल मौजूद रहे।

Vikash Agrahari

विकास अग्रहरी सोनभद्र म्योरपुर निवासी है। कम समय मे विकास अग्रहरी आज जिले की पत्रकारिता मे एक जाना पहचाना नाम है।

Related Articles

Back to top button
BREAKING NEWS
श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर मानस परिवार समिति के तीसरी बार पुनः अध्यक्ष बने नीरज पाठक सीआईएसएफ-डीएफआई के बीच एमओयू, ड्रोन और एंटी-ड्रोन क्षमता को मिलेगी मजबूती विंध्य एक्सप्रेसवे के लिए शुरू हुआ मिट्टी का परीक्षण रामलीला कमेटी का पुनर्गठन, पुराने पदाधिकारियों पर फिर जताया भरोसा दो पिकअप से सात गोवंश बरामद दो अंतरजनपदीय गौ तस्कर गिरफ्तार विकास क्लब दुर्गा पूजा समिति दुद्धी के पुनः अध्यक्ष बनें रवि सचिव बने मनीष अधेड़ व्यक्ति ने गमछे के सहारे फांसी लगाकर की आत्महत्या तीन महीने से नौवीं की कक्षाओं का इंतजार, छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित तीज के गीतों पर झूमीं महिलाएं सोलह शृंगार से सजा उत्सव हेरोइन तस्करी के मामले मे दो फरार इनामिया गिरफ्तार
Download App