झाड़-फूंक के भरोसे नहीं कराया इलाज, सर्पदंश से युवक की मौत

डाला/सोनभद्र। (जगदीश तिवारी/राकेश अग्रहरी)
चौकी क्षेत्र के कुरदहंवा छठ घाट के समीप रहने वाले 28 वर्षीय युवक की सर्पदंश के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं पुलिस का कहना है कि उसे सर्पदंश से मौत की सूचना नहीं मिली है।
जानकारी के अनुसार बुधवार की रात करीब आठ बजे वार्ड छह के पटेहरा टोला निवासी सिकंदर पुत्र रामजनम घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में किसी सर्प ने उसे डस लिया। सर्पदंश के बाद गांव के ही एक युवक से झाड़-फूंक कराने पर उसे कुछ राहत महसूस हुई, जिसके चलते उसने अस्पताल जाकर उपचार नहीं कराया।
गुरुवार शाम पैर में तेज दर्द होने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में हालत बिगड़ने पर चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर रेफर किया। शुक्रवार की सुबह ट्रामा सेंटर ले जाते समय रास्ते में ही सिकंदर की मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
इस संबंध में डाला चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी ने बताया कि सर्पदंश से युवक की मौत होने की सूचना पुलिस को नहीं मिली है।



