सोनभद्र

हाथीनाला-रेणुकूट मार्ग पर भीषण जाम, घंटों थमे रहे सैकड़ों वाहन


खराब भारी वाहनों ने बढ़ाई मुसीबत, मूर्धवा मोड़ से दुद्धी होकर किया गया डायवर्ट

डाला/सोनभद्र (जगदीश तिवारी/राकेश अग्रहरि)

हाथीनाला-रेणुकूट मुख्य मार्ग पर गुरुवार की रात से शुक्रवार दोपहर तक भीषण जाम लगा रहा। कई घंटे तक वाहनों के पहिए थमे रहने से राहगीरों और यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जाम के कारण सैकड़ों वाहनों की लंबी कतार लग गई। यातायात को सुचारु करने के लिए वाहनों को मूर्धवा मोड़ से दुद्धी होते हुए डायवर्ट किया गया, लेकिन वैकल्पिक मार्ग पर भी जाम की स्थिति बनी रही। समाचार लिखे जाने तक मालोघाट टोल प्लाजा तक मार्ग वन-वे बताया गया।
जानकारी के अनुसार हाथीनाला थाना क्षेत्र से करीब तीन किलोमीटर दूर बुधवार की रात दो कोयला लदे ट्रकों में टक्कर हो गई थी। हादसे में एक भारी वाहन खराब होकर सड़क पर खड़ा हो गया था। इसके चलते मार्ग पर पहले से ही जाम की स्थिति बनी हुई थी। गुरुवार की रात एक और भारी वाहन खराब पड़े ट्रक में फंस गया, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। गुरुवार रात से शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे तक जाम की स्थिति बनी रही।
जाम के कारण क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने के लिए क्रेन मशीन भी घटनास्थल तक नहीं पहुंच पा रही थी। इससे पुलिस प्रशासन को यातायात बहाल कराने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। जाम में फंसे लोगों को घंटों सड़क पर इंतजार करना पड़ा।

जाम की सूचना मिलते ही हाथीनाला पुलिस यातायात व्यवस्था को सामान्य कराने में जुट गई। हाथीनाला और मूर्धवा तिराहे से वाहनों को डायवर्ट किया गया। कुछ समय के लिए मूर्धवा मोड़ वाया दुद्धी मार्ग से यातायात बहाल कराया गया, लेकिन दोबारा भारी वाहन खराब होने से मुख्य मार्ग पर फिर जाम लग गया। स्थिति इतनी गंभीर रही कि हाथीनाला थाना क्षेत्र से लेकर पिपरी थाना क्षेत्र के मूर्धवा मोड़ तक वाहनों की लंबी कतार दिखाई दी।
हाथीनाला से रेणुकूट के बीच मार्ग का बड़ा हिस्सा संकरा है। हाथीनाला थाना और पिपरी थाना क्षेत्र की सीमा तक कई स्थानों पर सड़क संकरी होने के साथ अंधे मोड़ भी हैं। इन स्थानों पर अक्सर भारी वाहन दुर्घटनाग्रस्त या खराब हो जाते हैं, जिससे आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न होती है। इससे झारखंड, बिहार, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की ओर जाने वाले यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ती है।
हाथीनाला-रेणुकूट मार्ग पर मोबाइल नेटवर्क की समस्या भी यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। जाम में फंसे लोग कई बार अपने परिजनों से संपर्क तक नहीं कर पाते। स्थानीय लोगों ने जाम प्रभावित स्थानों को चिह्नित कर स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
हाथीनाला थाना प्रभारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि वाहनों का आवागमन धीरे-धीरे शुरू कराया जा रहा है। एक बार यातायात बहाल हो गया था, लेकिन दोबारा वाहन खराब होने से फिर जाम लग गया। मुख्य मार्ग पर खराब पड़े वाहनों को किनारे कराकर जल्द यातायात पूरी तरह बहाल कराने का प्रयास किया जा रहा है।

Vikash Agrahari

विकास अग्रहरी सोनभद्र म्योरपुर निवासी है। कम समय मे विकास अग्रहरी आज जिले की पत्रकारिता मे एक जाना पहचाना नाम है।

Related Articles

Back to top button
BREAKING NEWS
लूट मामले मे फरार चल रहे 3 आरोपी को अतुल सिंह ने गिरफ्तार कर भेजा सलाखो के पीछे आंगनबाड़ी कर्मियों ने प्रोत्साहन राशि का भुगतान नियमित करने की उठाई मांग हाथीनाला-रेणुकूट मार्ग पर भीषण जाम, घंटों थमे रहे सैकड़ों वाहन बैंक कर्मचारियों की हड़ताल, 5-डे वर्किंग की मांग को लेकर आंदोलन तबादला एक्सप्रेस पटरी पर कई एसएचओ हुये इधर से उधर वीर अब्दुल हमीद के शहादत दिवस पर अयूब नायला के बोल वीर अब्दुल हमीद अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति के प्र... प्रेम भाई ने आदिवासी समाज में शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन की रखी मजबूत नींव खनन व्यवसायी इश्तियाक अहमद गिरफ्तार कोर्ट मे पेशी रिमांड पर हो सकता है फैसला रामलीला ग्राउंड पर गूंजा बाबा श्याम का जयकारा भजनो पर झूमे श्याम प्रेमी आमडीह मे सरकारी चबूतरे पर सांस्कृतिक मंच निर्माण का विरोध ग्रामीणो ने रोका काम बीडीओ ने दिये जाच के ...
Download App