रामलीला कमेटी का पुनर्गठन, पुराने पदाधिकारियों पर फिर जताया भरोसा

आगामी रामलीला मंचन को भव्य एवं व्यवस्थित बनाने पर हुई चर्चा
कोन/सोनभद्र।(आनन्द जायसवाल)
स्थानीय कस्बे के रामलीला मैदान में शनिवार को आगामी रामलीला मंचन को लेकर कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पिछले वर्ष आयोजित रामलीला के आय-व्यय का विवरण प्रस्तुत किया गया। साथ ही आगामी रामलीला मंचन को भव्य, आकर्षक एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने रामलीला मंचन की तैयारियों, प्रकाश व्यवस्था, दर्शकों के बैठने, सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव रखे। पिछले वर्ष कमेटी द्वारा किए गए कार्यों एवं आयोजन की व्यवस्थाओं को बेहतर देखते हुए सदस्यों ने सर्वसम्मति से पुरानी कमेटी पर ही पुनः भरोसा जताते हुए उन्हें जिम्मेदारी सौंपने का निर्णय लिया।
सर्वसम्मति से संतोष पासवान को मुख्य संरक्षक, सुशील जायसवाल को अध्यक्ष, भूपेन्द्र शर्मा को कोषाध्यक्ष, रमेश कुमार चतुर्वेदी को संगठन मंत्री, दिनेश गुप्ता को प्रबंधक तथा गौतम कुमार शर्मा को सचिव चुना गया। वहीं अजय कुमार जायसवाल, सरोज गुप्ता एवं राजू बाबा को महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने कहा कि रामलीला मंचन क्षेत्र की पुरानी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा है। इसे और बेहतर एवं आकर्षक बनाने के लिए सभी के सहयोग से आयोजन किया जाएगा। मंचन के दौरान दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा के साथ प्रकाश, बैठने सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
बैठक में सुमेर शर्मा, अनुज तिवारी, हृदय निवास पाण्डेय, रामकुमार जायसवाल, विजय शंकर जायसवाल, सुशील जायसवाल, अजय जायसवाल,राजकुमार भारती, अमरनाथ पासवान, विजय गुप्ता, उमेश भारती समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे। सभी ने आगामी रामलीला आयोजन को सफल बनाने के लिए मिलकर कार्य करने पर सहमति जताई।


