तीन महीने से नौवीं की कक्षाओं का इंतजार, छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित
कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में प्रवेश के बाद भी नहीं शुरू हुई नियमित पढ़ाई
म्योरपुर/सोनभद्र (विकास अग्रहरि)
स्थानीय शिक्षा क्षेत्र। कस्बा स्थित पतेरी टोला कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में आठवीं कक्षा उत्तीर्ण कर नौवीं में प्रवेश लेने वाली तीन दर्जन से अधिक छात्राएं करीब तीन महीने से कक्षाएं शुरू होने का इंतजार कर रही हैं। नया शैक्षिक सत्र शुरू होने के काफी समय बाद भी नौवीं कक्षा की नियमित पढ़ाई शुरू नहीं होने से छात्राओं की शिक्षा प्रभावित हो रही है। विद्यालय में प्रवेश लेने के बाद छात्राएं प्रतिदिन कक्षाएं संचालित होने की उम्मीद लगाए बैठी हैं, लेकिन अभी तक उन्हें नियमित शिक्षण व्यवस्था का लाभ नहीं मिल सका है।
छात्राओं ने बताया कि उन्होंने इसी विद्यालय में आठवीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद आगे की शिक्षा जारी रखने के उद्देश्य से नौवीं कक्षा में प्रवेश लिया था। उन्हें उम्मीद थी कि नए सत्र की शुरुआत के साथ ही विद्यालय में रहकर नियमित रूप से पढ़ाई शुरू हो जाएगी। लेकिन करीब तीन महीने बीत जाने के बाद भी नौवीं की कक्षाएं विधिवत संचालित नहीं हो सकी हैं। इससे छात्राओं में पढ़ाई को लेकर चिंता बढ़ती जा रही है।
छात्राओं का कहना है कि यदि कक्षाएं शुरू होने में और देरी हुई तो पाठ्यक्रम समय से पूरा करना मुश्किल हो सकता है। परीक्षा की तैयारी पर भी इसका सीधा असर पड़ने की आशंका है। अभिभावकों ने भी मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों का संचालन किया जाता है। ऐसे में प्रवेश लेने के बाद लंबे समय तक नियमित कक्षाएं संचालित नहीं होना छात्राओं के हित में नहीं है।
संजय, अमृत लाल, अरविंद और बल्केश्वर ने बताया कि विद्यालय में नौवीं कक्षा में छात्राओं की संख्या पर्याप्त है। इसके बावजूद अभी तक पढ़ाई शुरू नहीं होना चिंता का विषय है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तत्काल पहल कर नौवीं की कक्षाएं शुरू कराने और आवश्यक शिक्षकों की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि छात्राओं की पढ़ाई का नुकसान न हो।
अभिभावकों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं के लिए कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय शिक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। यहां प्रवेश मिलने के बाद छात्राओं और उनके परिवारों को उम्मीद रहती है कि उन्हें सुरक्षित वातावरण में बेहतर शिक्षा मिलेगी। ऐसे में शिक्षण व्यवस्था में हो रही देरी को दूर किया जाना जरूरी है। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर जल्द से जल्द कक्षाएं शुरू कराने की मांग की है।
इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि कक्षा नौ के विद्यालय संचालन की व्यवस्था जिला विद्यालय निरीक्षक के स्तर से देखी जाती है। छात्राओं की समस्या से जिला विद्यालय निरीक्षक को अवगत कराया जा रहा है।



