अधेड़ व्यक्ति ने गमछे के सहारे फांसी लगाकर की आत्महत्या
डाला/ सोनभद्र(जगदीश तिवारी/ राकेश अग्रहरी) डाला चौकी क्षेत्र अंतर्गत बारी लंगडा मोड़ स्थित जिला पंचायत बैरियर के सामने एक पान चाय दुकानदार ने दोपहर बाद अपने ही घर में फांसी लगाकर जान दे दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस आवश्यक कारवाई में जुट गई।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार ओम प्रकाश चौरसिया पुत्र महातम प्रसाद निवासी बिल्ली बाड़ी ने अपनी बीमार पत्नी सुनिता को घर के बाहर पानी टंकी के समीप भेजकर अपने ही घर में लोहे की पाईप में गमछे के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। थोड़ी देर में उसकी पत्नी ने वापस लौटकर उसे फांसी के फंदे पर झूलता देखा तो उसके होश उड़ गए उसकी चीख पुकार सुनकर आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। मृतक की सास सुकुमारी ने बताया कि डेढ़ माह से उसकी बेटी यानी मृतक की पत्नी सुनिता की किडनी खराब होने से वह बीमार चल रही है पहले वाराणसी में दवा इलाज हुआ अब जिला अस्पताल में डायलिसिस हो रहा है मृतक का एक सात वर्षीय गोद लिया हुआ बालक है। चाय पान की दूकान करके किसी तरह परिवार का जीविकोपार्जन कर रहा था कि बीमारी के कारण आर्थिक तंगी भी हो गई थी। चर्चाओं की मानें तो आर्थिक तंगी के कारण ही उसने यह कदम उठाया है।घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी ने हर पहलुओं पर जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम हेतु जिला अस्पताल भेज दिया।



