लापता दिनेश का 12वें दिन हाथीनाला के जंगल में मिला क्षत-विक्षत शव

दुद्धी, सोनभद्र। हाथीनाला थाना क्षेत्र के बीच जंगल में लापता युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। दुद्धी व ओबरा सीओ सहित मय फोर्स घटना स्थल पहुँच कर शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए मेडिकल कालेज लोढ़ी के लिए भेज दिया।
दुद्धी कोतवाली के मनबसा गांव निवासी युवक दिनेश बीते 26 दिसम्बर 24 को देर शाम करीब आठ बजे अपने घर से बजाज सिटी 100 UP64AS7073 बाइक से हाथीनाला के गडदरवा गांव के लिए निकला। 27 दिसम्बर को दोपहर एक बजे तक दिनेश के मोबाइल पर घंटी जा रही थी। उसके बाद दिनेश लापता हो गया। जबकि उसकी बाइक गडदरवा गांव के विजय गुप्ता के घर के समीप से संदिग्ध हालात में बरामद हुई थी। दिनेश के पिता शिवकुमार ने अपने लापता बेटे की तलाश दो दिनों तक काफी खोजबीन किया। लेकिन कुछ भी पता नही चल सका। पीड़ित पिता शिवकुमार ने दुद्धी कोतवाली व हाथीनाला थाना में कई बार मुकदमा दर्ज कराने के लिए चक्कर लगाया। शिवकुमार थक हारकर पुलिस अधीक्षक सोनभद्र से अपने बेटे की तलाश के लिए गुहार लगाई। शिवकुमार ने यह भी बताया था कि बेटा दिनेश को गडदरवा गांव में पकड़ने के फिराक में कई दिनों से लगे हुए थे। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हाथीनाला पुलिस ने 28 दिसम्बर को मुकदमा दर्ज कर मनीषा के माता पत्नी चंदर, चंदर पुत्र स्व तिलक, विजय सिंह गोंड पुत्र स्व मटुक, देव सिंह पुत्र स्व0 तिलक, मनोज तिवारी पुत्र शम्भू तिवारी, विजय गुप्ता पुत्र बुद्धनाथ, देव सिंह पुत्र तिलकधारी के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर कार्यवाही में जुटी हुई थी लेकिन पुलिस को कोई सफलता नही मिल पा रही थी। सोमवार की तड़के सुबह करीब साढ़े छ बजे बीट चौकीदार द्वारा शव मिलने की सूचना मिलती है कि गडदरवा गांव के मनीषा के घर से करीब छ किमी दूर दुद्धी-हाथीनाला मार्ग से करीब दो सौ मीटर अंदर दाहिने की ओर पगडण्डी सड़क के किनारे जंगल में सुरक्षा खाई में एक शव मिली है। जिसकी जानकारी लापता युवक के परिजनों को सूचना दिया गया। परिजनों द्वारा कपड़े, जूता व क्षत विक्षत शव की शिनाख्त दिनेश के रूप में कई गई। घटना स्थल पर सीओ दुद्धी प्रदीप सिंह चन्देल सीओ ओबरा, थानाध्यक्ष चोपन, हाथीनाला, दुद्धी कोतवाल मनोज कुमार सिंह सहित पीएसी बल मौजूद रही। सुरक्षा के मद्देनजर गडदरवा गांव में मनीषा के घर पर पीएसी बल लगाई गई है।
हाथीनाला थानाध्यक्ष भइया जी एसपी सिंह ने कहा कि घटना के मद्देनजर एसओजी फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी हुई है। शव को क़ब्जे में लेकर पीएम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है। अभी हिरासत में किसी को नही लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्यवाही की जाएगी। मृतक के परिजन हाथीनाला में मौजूद है।



