जर्जर 33 केवी लाइन बनी बिजली संकट की जड़, आधुनिक तकनीक से नवीनीकरण की उठी मांग

मिनी टावर व नई कंडक्टर लाइन से हो पुनर्निर्माण, तभी मिलेगी स्थायी राहत
कोन/सोनभद्र।(आनन्द जायसवाल)
डाला विद्युत उपकेंद्र से कोन विद्युत उपकेंद्र तक लगभग 32 किलोमीटर लंबी 33 केवी विद्युत लाइन की जर्जर स्थिति क्षेत्र की बिजली व्यवस्था के लिए गंभीर समस्या बन चुकी है। वर्षों पुराने तार और कमजोर पोल के कारण हल्की बारिश, तेज हवा या गरज-चमक होते ही लाइन में फॉल्ट हो जाता है, जिससे कोन एवं कचनरवा क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बार-बार बाधित हो रही है। इसका खामियाजा घरेलू उपभोक्ताओं, व्यापारियों, किसानों और छोटे उद्यमियों को उठाना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि विभाग द्वारा फॉल्ट होने पर मरम्मत कर आपूर्ति बहाल कर दी जाती है, लेकिन कुछ ही समय बाद दूसरी जगह तकनीकी खराबी आने से फिर बिजली गुल हो जाती है। बरसात के मौसम में यह समस्या और गंभीर हो जाती है। लगातार तार टूटने और फॉल्ट के कारण लगभग डेढ़ लाख उपभोक्ता प्रभावित हो रहे हैं।
किसानों का कहना है कि वर्षा कम होने से सिंचाई पूरी तरह विद्युत चालित मोटरों पर निर्भर है, लेकिन लो-वोल्टेज और बार-बार बिजली कटने के कारण धान सहित अन्य फसलों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। वहीं व्यापारिक प्रतिष्ठानों और आम नागरिकों का दैनिक जीवन भी बाधित हो रहा है।
क्षेत्र के , विजयशंकर जायसवाल, लक्ष्मी जायसवाल,हरिशंकर वर्मा, सुदीप जायसवाल, विजय गुप्ता, संतोष, सुनील,पियूष, गोपी विश्वकर्मा, चंदन त्रिपाठी सहित अनेक उपभोक्ताओं ने उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन एवं शासन से मांग की है कि डाला से कोन तक पूरी 33 केवी विद्युत लाइन का आधुनिक तकनीक से पुनर्निर्माण कराया जाए। जर्जर पोलों के स्थान पर मिनी टावर लगाए जाएं तथा पूरी लाइन में नई उच्च गुणवत्ता वाली कंडक्टर (केबल) बिछाई जाए, ताकि बार-बार होने वाले फॉल्ट से स्थायी राहत मिल सके।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि केवल जगह-जगह तार जोड़ने और अस्थायी मरम्मत से समस्या का समाधान संभव नहीं है। अब समय आ गया है कि पूरी 33 केवी लाइन का नवीनीकरण कर क्षेत्र को सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराई जाए। साथ ही जर्जर लाइन पर बार-बार मरम्मत के दौरान अपनी जान जोखिम में डालकर कार्य करने वाले संविदा विद्युत कर्मियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाए।
क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री, ऊर्जा मंत्री, उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के उच्च अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों से जनहित में शीघ्र कार्रवाई करते हुए डाला से कोन तक 33 केवी विद्युत लाइन के पूर्ण नवीनीकरण की मांग की है।



