स्कूली वाहनों पर चला चेकिंग अभियान, 26 का चालान, आठ वाहन बंद

सोनभद्र (विकास द्विवेदी) मिशन सेफ फ्यूचर 3.0 के अंतर्गत जनपद में 14 से 18 सितंबर तक चार दिवसीय विशेष अभियान चलाकर स्कूली वाहनों की सघन जांच की गई। अभियान के दौरान परिवहन विभाग की टीम ने विभिन्न स्थानों पर स्कूली वाहनों को रोककर उनके फिटनेस, परमिट, दस्तावेज, सुरक्षा मानकों सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की जांच की।
एआरटीओ प्रशासन कौशल कुमार सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 26 स्कूली वाहनों का चालान किया गया, जबकि आठ वाहनों को बंद कराया गया।उन्होंने बताया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर शासन के निर्देश पर लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जांच के दौरान वाहन चालकों और स्कूल संचालकों को निर्धारित मानकों का पालन करने के लिए भी जागरूक किया गया। उन्होंने कहा कि स्कूली वाहनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। वाहनों के संचालन से जुड़े दस्तावेज, फिटनेस, परमिट और अन्य आवश्यक मानकों की नियमित जांच की जा रही है। मानकों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग की इस कार्रवाई से स्कूली वाहन संचालकों में हड़कंप की स्थिति रही। विभाग ने अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन से भी अपील की कि बच्चों को ऐसे वाहनों से स्कूल न भेजें, जिनमें सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा हो।



