ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत, घर से ड्यूटी के लिए निकला था रमेश

म्योरपुर /सोनभद्र(विकास अग्रहरि)
पिपरी थाना क्षेत्र के मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर रनटोला गांव के समीप मंगलवार की दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक म्योरपुर थाना क्षेत्र के बलियरी गांव से रेणुकूट स्थित ड्यूटी के लिए जा रहा था। हादसे के बाद मौके पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा और मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होने से जाम की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार म्योरपुर थाना क्षेत्र के बलियरी गांव निवासी 30 वर्षीय रमेश पुत्र जवाहर मंगलवार को बी शिफ्ट की ड्यूटी करने के लिए बाइक से रेणुकूट की ओर जा रहा था। दोपहर करीब ढाई बजे वह पिपरी थाना क्षेत्र के रनटोला गांव में आरवाई सिंह घाटी की पुलिया के समीप मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर पहुंचा। इसी दौरान वह आगे चल रहे एक ट्रेलर से पास लेने का प्रयास करने लगा।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही बाइक से रमेश की टक्कर हो गई। टक्कर लगने के बाद वह सड़क पर गिर पड़ा। इसी बीच उसी दिशा में जा रहे ट्रेलर की चपेट में आने से वह पहिए के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई। दुर्घटना के कारण मुर्धवा-बीजपुर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई और सड़क पर जाम लग गया। सूचना मिलते ही रेणुकूट चौकी पुलिस और यातायात पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने यातायात व्यवस्था को संभालते हुए वाहनों को आगे बढ़ाया और स्थिति सामान्य कराई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई के लिए हिंडाल्को अस्पताल स्थित मर्चरी हाउस पहुंचा दिया। घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच करने के साथ ही आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।



