अवैध खनन व परिवहन करते ट्रैक्टर ट्राली को वन विभाग ने पकड़ा,मुकदमा दर्ज

विंधमगंज रेंज में प्रतिदिन दर्जनों ट्रैक्टर से होता है अवैध खनन का खेल
विंढमगंज /सोनभद्र(सुमन गुप्ता)
विंधमगंज रेंज के पोलवा गांव के समीप कनहर नदी से सोमवार की अलसुबह अवैध रूप से बालू खनन कर परिवहन करते ट्रैक्टर ट्राली को वन विभाग की टीम ने दबोच लिया जो ट्रैक्टर राजू पुत्र श्याम बिहारी निवासी महुली का बताया जा रहा है।
खनन कर्ताओ ने वन विभाग टीम की आहट मिलते ही नदी से बालू लादकर निकल रहे कई ट्रैक्टर ट्राली को अंडर ग्राउंड कर लिया और वन विभाग के टीम को जाने का इंतजार करता रहा।
पकड़े गए ट्रैक्टर ट्राली को वन विभाग ने रेंज ऑफिस ले आई और अग्रिम कारवाई में जुट गई । भारतीय वन अधिनियम-1927 की
धारा-41/42 एवं 69 के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर दिया।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इन दिनों क्षेत्र के पकरी पतरीहा डुमरा फुलवार जोरूखड़ सहित दर्जनों गांवों के कनहर और मलिया नदी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों के माध्यम से अवैध रूप से बालू का खनन एवं परिवहन किया जा रहा है। खनन के बाद बालू को क्षेत्र में ऊंचे दामों पर बेचे जाने की बात भी सामने आ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि अवैध खनन से नदी के प्राकृतिक स्वरूप के नुकसान के साथ साथ राजस्व की भारी क्षति हो रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभागों से अवैध खनन और परिवहन पर प्रभावी रोक थाम लगाने तथा इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
विंढमगंज वन क्षेत्राधिकारी रत्नेश यादव ने बताया कि सोमवार की सुबह गस्त के दौरान अवैध खनन कर परिवहन करते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा गया है। वाहन को कब्जा में लेते हुए वन अधिनियम के सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर दिया गया है।


