मंदिर मे पूजा करने पहुची महिला का मंगलसूत्र चोरी 112 पुलिस पहुची

सोनभद्र (विकास द्विवेदी) राबर्ट्सगंज क्षेत्र के कस्बा चौकी अंतर्गत रामजानकी मंदिर परिसर में सोमवार शाम पूजा अर्चना करने पहुंची एक महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र चोरी होने का मामला सामने आया। घटना की जानकारी होते ही महिला परेशान हो गई। सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुची और मामले की जानकारी ली।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कर्मा निवासी बबिता पाण्डेय पत्नी अरविंद पाण्डेय वर्तमान में राज पैलेस के पास रहती है। वह रामजानकी मंदिर मे पूजा अर्चना करने गई थी। इसी दौरान मंदिर परिसर मे मौजूद भीड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात चोर अथवा उचक्के ने उनके गले से करीब चार भरी सोने का मंगलसूत्र चोरी कर लिया।
पूजा के बाद जब महिला को मंगलसूत्र गायब होने की जानकारी हुई तो वह परेशान होकर रोने लगी। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी परिजनों को दी। सूचना पुलिस को दिए जाने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पीड़िता द्वारा थाना प्रभारी को भी घटना की सूचना दिए जाने की बात कही गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। लोगों का कहना है कि मंदिर में भीड़ होने के बावजूद पर्याप्त पुलिस ड्यूटी नही होने का फायदा चोरो ने उठाया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगो से पूछताछ के साथ संदिग्धो की तलाश की जा रही है।



