एडीओ पंचायत के नेतृत्व में चला सेवा संकल्प अभियान, कस्बे में हुई विशेष साफ-सफाई
म्योरपुर/सोनभद्र(विकास अग्रहरि)
सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को विकासखंड म्योरपुर के स्थानीय कस्बे में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत कस्बे और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के साथ ही जनजागरूकता एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।
अभियान का नेतृत्व एडीओ पंचायत ने किया। उनके निर्देशन में पंचायत विभाग के सफाईकर्मियों ने कस्बे के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों, सड़क किनारे तथा आसपास के इलाकों में विशेष सफाई अभियान चलाया। सफाईकर्मियों ने जगह-जगह जमा कूड़ा-कचरा हटाया और गंदगी वाले स्थानों की साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया।
सफाई अभियान के दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों को साफ रखने की अपील की गई। लोगों से कहा गया कि खुले में कूड़ा न फेंकें तथा घरों से निकलने वाले कचरे का उचित तरीके से निस्तारण करें। सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं फैलाने के लिए भी लोगों को जागरूक किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की नींव है। केवल सरकारी प्रयासों से ही स्वच्छता का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता, बल्कि इसमें आमजन की भागीदारी भी जरूरी है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के साथ लोगों को अपने आसपास साफ-सफाई रखने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
अभियान के दौरान पंचायत विभाग के कर्मचारी, सफाईकर्मी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। अधिकारियों ने अभियान को आगे भी लगातार जारी रखने की बात कही।

