कनहर नदी से अवैध बालू खनन करते ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ी
विंढमगंज/सोनभद्र(सुमन गुप्ता)
विंढमगंज वन रेंज के बैरखड़ बीट अंतर्गत कूदरी गांव के समीप कनहर नदी से शुक्रवार की अलसुबह अवैध रूप से बालू खनन कर परिवहन करते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को वन विभाग की टीम ने पकड़ लिया। पकड़ा गया ट्रैक्टर आशीफ पुत्र अनवर का बताया जा रहा है।
वन विभाग की टीम की आहट मिलते ही नदी से बालू लादकर निकल रहे अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के चालक अपने वाहनों को इधर-उधर छिपाकर कार्रवाई से बचने का प्रयास करने लगे। वन विभाग की टीम के जाने का इंतजार करते रहे। पकड़े गए ट्रैक्टर-ट्रॉली को वन विभाग की टीम रेंज कार्यालय ले आई और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। मामले में भारतीय वन अधिनियम-1927 की धारा 41/42 एवं 69 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि इन दिनों क्षेत्र के पकरी, हरपुरा, पतरीहा, डुमरा, फुलवार, जोरूखाड़ सहित दर्जनों गांवों के आसपास कनहर और मलिया नदी से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों के माध्यम से अवैध रूप से बालू का खनन एवं परिवहन किया जा रहा है। खनन के बाद बालू को क्षेत्र में ऊंचे दामों पर बेचे जाने की बात भी सामने आ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार अवैध खनन से जहां नदियों के प्राकृतिक स्वरूप को नुकसान पहुंच रहा है, वहीं सरकार को राजस्व की भी भारी क्षति हो रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन एवं संबंधित विभागों से अवैध खनन और परिवहन पर प्रभावी रोक लगाने तथा इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
विंढमगंज वन क्षेत्राधिकारी रत्नेश यादव ने बताया कि शुक्रवार की सुबह गश्त के दौरान अवैध खनन कर बालू का परिवहन करते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा गया है। वाहन को कब्जे में लेकर वन अधिनियम की सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर दिया गया है।



