आईजीआरएस शिकायत निस्तारण में सोनभद्र पुलिस प्रदेश में नंबर-1

जुलाई की रैंकिंग में 100 में 100 अंक हासिल कर प्रदेश में पाया प्रथम स्थान
सोनभद्र ( विकास अग्रहरि)
सोनभद्र। जनसामान्य की शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के मामले में सोनभद्र पुलिस ने प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। उत्तर प्रदेश शासन के आईजीआरएस (इंटीग्रेटेड ग्रीवांस रिड्रेसल सिस्टम) पोर्टल पर जुलाई 2026 की जारी रैंकिंग में सोनभद्र पुलिस ने 100 में 100 अंक प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की है।
पुलिस की इस सफलता का श्रेय पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के कुशल नेतृत्व, नियमित मॉनिटरिंग और शिकायतों की लगातार समीक्षा को दिया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक द्वारा अधिकारियों को शिकायतों के निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए लगातार दिशा-निर्देश दिए गए। शिकायतों के निस्तारण की प्रगति की नियमित समीक्षा भी की गई।
शासन की मंशा के अनुरूप आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के संबंध में पुलिस द्वारा मौके पर जाकर सत्यापन, शिकायतकर्ताओं से संवाद तथा नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की गई। शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता और प्रभावशीलता के आधार पर सोनभद्र पुलिस को प्रदेश में सर्वोच्च स्थान मिला।
खास बात यह रही कि जनपद के कुल 22 थानों में से 18 थानों ने 100 में 100 अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पुलिस विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम भावना, बेहतर कार्यप्रणाली तथा जनसेवा के प्रति समर्पण से यह उपलब्धि संभव हुई।
सोनभद्र पुलिस की इस उपलब्धि से शिकायत निस्तारण की व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूती मिलने के साथ ही आमजन की समस्याओं के समाधान के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता भी सामने आई है।



