अतिरिक्त ड्यूटी के भुगतान और सुरक्षा की मांग को लेकर संविदा कर्मियों ने सौंपा ज्ञापन
कोन/सोनभद्र।(आनन्द जायसवाल)
बिजली विभाग में आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत संविदा कर्मचारियों ने निर्धारित आठ घंटे से अधिक ड्यूटी कराए जाने के मुद्दे को लेकर आवाज उठाई है। कोन विद्युत उपकेंद्र के संविदा कर्मचारियों ने अवर अभियंता को ज्ञापन सौंपकर अतिरिक्त समय तक कार्य लेने की स्थिति में उसके भुगतान, सुरक्षा और किसी दुर्घटना की जिम्मेदारी स्पष्ट किए जाने की मांग की है।
कर्मचारियों ने पत्र में कहा है कि ठेकेदार द्वारा उन्हें प्रतिदिन आठ घंटे और माह में 26 दिन की ड्यूटी के अनुसार भुगतान किया जाता है। फेसियल अटेंडेंस सिस्टम में भी इसी अवधि की उपस्थिति दर्ज होती है। इसके बावजूद बिजली आपूर्ति व्यवस्था बनाए रखने, लाइन फाल्ट दूर करने और आपात स्थिति में उन्हें निर्धारित समय से अधिक कार्य करना पड़ता है।
संविदा कर्मचारियों का कहना है कि दिन हो या रात, बारिश हो या भीषण गर्मी, बिजली आपूर्ति बाधित होने पर फाल्ट ठीक कर आपूर्ति बहाल करने की जिम्मेदारी उन्हीं पर रहती है। ऐसे में आठ घंटे से अधिक ड्यूटी कराए जाने पर अतिरिक्त समय का भुगतान तथा किसी दुर्घटना या अनहोनी की स्थिति में जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए।
कर्मचारियों के इस पत्र के बाद विभाग में चर्चा तेज हो गई है। ग्रामीण क्षेत्रों की बिजली व्यवस्था काफी हद तक संविदा कर्मियों पर निर्भर है। ऐसे में यदि अतिरिक्त ड्यूटी को लेकर स्पष्ट व्यवस्था नहीं होती है तो आपातकालीन परिस्थितियों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका बनी रह सकती है।
इस संबंध में अवर अभियंता अजय प्रकाश गुप्ता ने बताया कि संविदा कर्मचारियों का पत्र प्राप्त हो गया है। मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है तथा उनके निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


