सोनभद्र मे स्कूल चलो अभियान फेज 2 का भव्य शुभारंभ विधायक ने बच्चो को किया विद्यालय जाने के लिए प्रेरित

सोनभद्र (विकास द्विवेदी) बेसिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में बुधवार को स्कूल चलो अभियान फेज-2 का भव्य शुभारंभ जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), सोनभद्र परिसर से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक भूपेश चौबे ने हरी झंडी दिखाकर स्कूल चलो जागरूकता रैली को रवाना कर किया। रैली में स्कूली बच्चों ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर लोगों से प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन कराने और नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की।
सदर विधायक भूपेश चौबे ने अपने संबोधन में कहा कि प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन कराने तथा नियमित रूप से विद्यालय भेजने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तके उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा ड्रेस, जूते मोजे, बैग एवं अन्य आवश्यक सामग्री की खरीद के लिए डीबीटी के माध्यम से 1200 रुपये की धनराशि सीधे अभिभावकों के बैंक खाते में भेजी जा रही है। जिन पात्र लाभार्थियों को अभी तक राशि प्राप्त नहीं हुई है, उन्हें भी शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। कार्यक्रम में वक्ताओं ने प्रदेश सरकार की विभिन्न शिक्षा एवं शिक्षक कल्याण योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि शिक्षकों के लिए बहुप्रतीक्षित कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू की गई है। इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए डीबीटी योजना तथा शिक्षकों के लिए भारतीय स्टेट बैंक के सहयोग से निःशुल्क सामूहिक दुर्घटना बीमा जैसी योजनाओं को भी सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताया गया।कार्यक्रम का संचालन डायट प्रवक्ता ऋचा ओझा ने किया, जबकि अंत में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पाण्डेय ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में राज्य मंत्री संजीव सिंह गौड़ के प्रतिनिधि संजीव कुमार त्रिपाठी, सदर ब्लाक प्रमुख अजीत रावत, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पाण्डेय एवं सभी खंड शिक्षा अधिकारी, एआरपी, बड़ी संख्या मे शिक्षक शिक्षिकाएं एवं छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।




