सोनभद्र

आंधी तूफान ने उजाड़ी बिजली व्यवस्था, 24 घंटे से अंधेरे में डूबा कोन क्षेत्र, पेयजल संकट भी गहराया

सोनभद्र/सोनभद्र (आनन्द जायसवाल) कल शाम आए तेज आंधी-तूफान ने कोन ब्लाक की विद्युत व्यवस्था को पूरी तरह चरमरा दिया। पिछले लगभग 24 घंटे से क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप पड़ी हुई है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। भीषण गर्मी के बीच बिजली न रहने से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अब बिजली संकट के साथ-साथ पेयजल संकट भी गहरा गया है।
कोन सब स्टेशन पर तैनात अवर अभियंता गजेन्द्र श्रीवास्तव ने फोन पर बातचीत के दौरान बताया कि डाला से कोन सब स्टेशन को आने वाली 33 हजार वोल्ट लाइन के करीब आठ पोल एवं तार तेज आंधी में धराशायी हो गए हैं। वही कोन सब स्टेशन से गांवों की ओर जाने वाली 11 हजार वोल्ट लाइन के लगभग 40 से 50 पोल व तार भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
अवर अभियंता के अनुसार विभागीय टीम युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुटी हुई है। 33 हजार वोल्ट लाइन को तेजी से ठीक किया जा रहा है और संभावना जताई जा रही है कि आज शाम तक कोन सब स्टेशन पर बिजली होल्ड हो सकती है। हालांकि गांवों तक जाने वाली 11 हजार वोल्ट लाइन को दुरुस्त करने में अभी और समय लग सकता है।
बिजली आपूर्ति बाधित होने से पेयजल व्यवस्था भी पूरी तरह प्रभावित हो गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकांश घरों में पानी की आपूर्ति बिजली चालित मोटर और समरसेबल पंपों के माध्यम से होती है। लगातार बिजली न रहने के कारण लोगों के घरों में पानी खत्म हो गया है। कई गांवों में महिलाएं और बच्चे दूर-दराज के हैंडपंपों से पानी लाने को मजबूर हैं। भीषण गर्मी में पानी की समस्या ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं।
इधर क्षेत्रीय लोगों में बिजली विभाग की कार्यशैली को लेकर भारी नाराजगी देखी जा रही है। ग्रामीणो का कहना है कि कोन क्षेत्र पिछड़ा होने के कारण अधिकारी इस इलाके पर गंभीरता से ध्यान नहीं देते। लोगों ने आरोप लगाया कि बिजली व्यवस्था वर्षों से जर्जर हालत में है और हर बार आंधी-तूफान आते ही पोल व तार टूटकर गिर जाते हैं।
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि वर्तमान में जो पोल और तार लगाए जा रहे हैं, वे मानक के अनुरूप नहीं हैं। विभाग केवल जल्दबाजी में बिजली बहाल करने के लिए अस्थायी मरम्मत कर रहा है। ऐसे में हल्की आंधी या बारिश में भी फिर से बिजली व्यवस्था ध्वस्त होने का खतरा बना रहेगा।
क्षेत्रवासियों ने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि कोन क्षेत्र की जर्जर विद्युत व्यवस्था का स्थायी समाधान कराया जाए, मजबूत पोल और गुणवत्ता युक्त तार लगाए जाएं, ताकि हर मौसम में लोगों को बार-बार अंधेरे और पेयजल संकट का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Back to top button
BREAKING NEWS
श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर मानस परिवार समिति के तीसरी बार पुनः अध्यक्ष बने नीरज पाठक सीआईएसएफ-डीएफआई के बीच एमओयू, ड्रोन और एंटी-ड्रोन क्षमता को मिलेगी मजबूती विंध्य एक्सप्रेसवे के लिए शुरू हुआ मिट्टी का परीक्षण रामलीला कमेटी का पुनर्गठन, पुराने पदाधिकारियों पर फिर जताया भरोसा दो पिकअप से सात गोवंश बरामद दो अंतरजनपदीय गौ तस्कर गिरफ्तार विकास क्लब दुर्गा पूजा समिति दुद्धी के पुनः अध्यक्ष बनें रवि सचिव बने मनीष अधेड़ व्यक्ति ने गमछे के सहारे फांसी लगाकर की आत्महत्या तीन महीने से नौवीं की कक्षाओं का इंतजार, छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित तीज के गीतों पर झूमीं महिलाएं सोलह शृंगार से सजा उत्सव हेरोइन तस्करी के मामले मे दो फरार इनामिया गिरफ्तार
Download App