अधिवक्ताओं ने फूंका मुख्य सचिव और डीजीपी का पुतला

दुद्धी, सोनभद्र। बार काउंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश के आह्वान पर तीन दिवसीय हड़ताल के अंतर्गत दूसरे दिन मंगलवार को भी अधिवक्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन कर, प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव व डीजीपी का पुतला फूंका।
मंगलवार को कचहरी के खुलते ही दुद्धी एवं सिविल बार के लामबंद अधिवक्ताओं का जमावड़ा शुरू हो गया। संघ की अगुवाई कर रहे सिविल बार अध्यक्ष रामलोचन तिवारी एवं दुद्धी बार अध्यक्ष रामपाल जौहरी की संयुक्त अध्यक्षता में डॉ राजेन्द्र प्रसाद हाल में अधिवक्ताओं ने बैठक कर, सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। बैठक को सम्बोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि हापुड़ में वकीलों पर बर्बर लाठीचार्ज किया गया। जिसमें महिला अधिवक्ता सहित सैकड़ो अधिवक्ता बुरी तरह घायल हो गये। इसके जिम्मेदार जिलाधिकारी , एसएसपी समेत सभी दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। आये दिन अधिवक्ताओं की हत्या और जानलेवा हमले हो रहे हैं। तीन दिन पहले गाजियाबाद में भी एक अधिवक्ता की दिनदहाड़े हत्या कर दी गयी।सरकार अधिवक्ताओं की सुरक्षा को लेकर तनिक भी गंभीर नही है। हर तरफ गुंडे-माफिया वकीलों को निशाना बना रहे हैं।वक्ताओं ने प्रदेश के मुख्य सचिव एवं डीजीपी पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही दोषी डीएम,एसएसपी सहित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नही हुई तो बड़ा आंदोलन होगा जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी। उधर बार काउंसिल ऑफ यूपी के आह्वान पर तीन दिवसीय घोषित हड़ताल के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा एहतियातन कचहरी के मेन गेट पर सीओ दद्दन प्रसाद गोंड़ व थानाध्यक्ष नागेश सिंह की अगुवाई में भारी पुलिस बल एवं पीएसी लगा रखी थी।
बैठक की समाप्ति के बाद आक्रोशित अधिवक्ताओं ने शासन प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए, कचहरी परिसर में ही प्रदेश सरकार के मुख्य सचिव एवं डीजीपी का पुतला आग के हवाले कर दिया। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष नंदलाल,जितेन्द्र श्रीवास्तव,प्रेमचन्द यादव,विजय कुमार,राकेश श्रीवास्तव,प्रभु सिंह,अशोक कुमार, मनोज मिश्रा, दिलीप पांडेय,सत्यनारायण यादव,जमुना प्रसाद,राजकुमार अग्रहरि,आनंद कुमार समेत भारी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
संचालन दुद्धी बार सचिव दिनेश कुमार ने किया।



