रेलवे लाइन की चपेट में आने से अधेड़ की दर्दनाक मौत

गुरमा/ सोनभद्र( ओम प्रकाश गुप्ता)
चोपन थाना क्षेत्र के पटवध के दुपटिया टोला के पास मंगलवार को रेलवे लाइन पर ट्रेन की चपेट में आने से करीब 60 वर्षीय अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।जानकारी के अनुसार गुलाब (60) उर्फ लल्ली पुत्र सोमारू कोल, निवासी दुपटिया टोला, पटवध, मंगलवार को किसी काम से घर से निकले थे। दोपहर बाद पशु चराने गए चरवाहों की नजर रेलवे लाइन के पास पड़े एक व्यक्ति के शव पर पड़ी। चरवाहों ने इसकी जानकारी ग्रामीणों को दी।सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी रेलवे पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त कराई। पहचान गुलाब उर्फ लल्ली के रूप में होने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। रेलवे लाइन पर अधेड़ की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।



