आकाशीय बिजली से बचाव को लाइटनिंग अरेस्टर लगाने पर जीत सिंह खरवार ने जताया मुख्यमंत्री का आभार

म्योरपुर/सोनभद्र (विकास अग्रहरि )
जनपद में आकाशीय बिजली गिरने से होने वाली घटनाओं से जन-जीवन की सुरक्षा के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में लाइटनिंग अरेस्टर (तड़ित चालक) लगाए जाने की पहल पर दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री एवं अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग, उत्तर प्रदेश के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताया है।
जीत सिंह खरवार ने कहा कि सोनभद्र भौगोलिक दृष्टि से विस्तृत जनपद है, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण और जनजातीय आबादी निवास करती है। बरसात के मौसम में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं जन-धन की सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती बनी रहती हैं। ऐसे में संवेदनशील क्षेत्रों में लाइटनिंग अरेस्टर लगाए जाने की पहल जनसुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जनहित और नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उठाया गया यह कदम सोनभद्रवासियों के लिए राहत एवं सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। उन्होंने सोनभद्र की जनता की ओर से मुख्यमंत्री के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद व्यक्त किया।
खरवार ने कहा कि जनपद के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी आवश्यकता के अनुसार सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को मजबूत किया जाना जरूरी है, ताकि प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके। उन्होंने कहा कि सोनभद्रवासियों की सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता और जनहित में लिए गए इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हृदय से आभार एवं धन्यवाद।



