सेवा संकल्प अभियान में गूंजा जागरूकता का संदेश

चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता प्रदर्शनी की गई आयोजित, विजेता छात्र-छात्राओं को मिला सम्मान

म्योरपुर/ सोनभद्र ( विकास अग्रहरि)
म्योरपुर। विकास खण्ड म्योरपुर स्थित सभागार में मंगलवार को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जागरूकता एवं जनकल्याण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विभिन्न सामाजिक सरोकारों की जानकारी लोगों तक पहुंचाई गई। वहीं बच्चों में सामाजिक जागरूकता एवं रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता की प्रदर्शनी भी लगाई गई।

प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं द्वारा बनाए गए आकर्षक एवं संदेशपरक पोस्टरों ने लोगों का ध्यान खींचा। पोस्टरों के माध्यम से जल संरक्षण, सड़क सुरक्षा, ‘जिम्मेदार नागरिक–मजबूत राष्ट्र’, ‘स्वच्छ विद्यालय–सुंदर विद्यालय’, नशा मुक्ति, प्लास्टिक मुक्त समाज, ‘रक्तदान–जीवनदान’, ‘जहां होगा बेटियों का सम्मान, वहीं देश होगा महान’, पेड़ लगाओ, पशु-पक्षियों की सेवा ही सच्ची सेवा है तथा ‘दया ही सच्चा धर्म है’ जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषयों पर जागरूकता का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लाक प्रमुख मान सिंह गोड़ ने कहा कि सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए जागरूकता कार्यक्रमों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुषमा सिंह ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर सकता है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से नशे से पूरी तरह दूर रहने तथा अपने साथियों और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
वहीं खण्ड विकास अधिकारी रामविशाल चौरसिया ने बच्चों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि विद्यार्थी अपने शिक्षकों और माता-पिता की बात मानें तथा नियमित रूप से पढ़ाई पर ध्यान दें। उन्होंने बच्चों को अनुशासन, संस्कार और मेहनत को जीवन की सफलता का आधार बनाने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता में इन प्रतिभागियों ने मारी बाजी
चित्रकला एवं पोस्टर प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को कार्यक्रम के दौरान पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

प्रथम स्थान प्राप्त करने वालों में कम्पोजिट विद्यालय खैराही की खुशी, पूर्व माध्यमिक विद्यालय देवरी की क्वीनलवली, मून स्टार इंग्लिश स्कूल की नैन्सी, कम्पोजिट विद्यालय काचन के मुकेश तथा प्राथमिक विद्यालय पिपरी के नीलेश शामिल रहे।
द्वितीय स्थान पर कम्पोजिट विद्यालय काचन के विकास, उच्च प्राथमिक विद्यालय गड़िया की मुस्कान तथा कम्पोजिट विद्यालय बभनडीहा की सोनम ने स्थान बनाया।
तृतीय स्थान का पुरस्कार प्राथमिक विद्यालय रासपहरी के शंकर सिंह तथा मून स्टार इंग्लिश स्कूल के अर्पन को प्रदान किया गया।

इसके अलावा सांत्वना पुरस्कार उच्च प्राथमिक विद्यालय डड़िहरा के हिमांशु तथा प्राथमिक विद्यालय गड़िया की शीला कुमारी को दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा तैयार किए गए पोस्टरों की सराहना करते हुए अतिथियों ने कहा कि छोटी उम्र में सामाजिक विषयों के प्रति बच्चों की यह जागरूकता समाज के लिए सकारात्मक संदेश है। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा, स्वच्छता और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम का संचालन रजनीश श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर सुनील प्रजापति, सुमीत सिंह, मोहरलाल खरवार, रणजीत पनिका, श्री राम, विकास दूबे, शारदा प्रसाद, सौरभ सिंह, अजय कुमार गुप्ता, गुलशेर अंसारी एवं अफजल अंसारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकगण तथा विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित अतिथियों ने बच्चों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए समाजहित में जागरूकता फैलाने और सेवा भावना के साथ कार्य करने का संदेश दिया।



