तेज रफ्तार टीपर अनियंत्रित होकर पुलिया के नीचे घुसा

हिंडालको पार्क के पास कैमूर स्कूल के समीप हादसा, चालक सुरक्षित
म्योरपुर /सोनभद्र(विकास अग्रहरि)
म्योरपुर। म्योरपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को तेज रफ्तार टीपर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पुलिया के नीचे जा घुसा। हादसा हिंडालको पार्क के पास कैमूर स्कूल के समीप हुआ। गनीमत रही कि दुर्घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। टीपर चालक भी सुरक्षित बताया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टीपर तेज गति से जा रहा था। हिंडालको पार्क के पास कैमूर स्कूल के समीप पहुंचते ही वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया। चालक जब तक वाहन को संभाल पाता, टीपर सड़क से नीचे उतरकर पुलिया के नीचे जा फंसा। वाहन का पिछला हिस्सा पुलिया के किनारे अटक गया, जबकि

अधिकांश हिस्सा नीचे की ओर झुक गया।
हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। दुर्घटना के समय पुलिया के पास कोई राहगीर मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है। कई वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों ने सड़क किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, पुलिया के आसपास सुरक्षा उपाय करने और भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण लगाने की मांग की है।



