महंगाई, बेरोजगारी और रसोई गैस के बढ़ते दाम पर भाकपा कार्यकर्ताओं ने किया विरोध

रसोई गैस के बढ़ाएं गए दाम को फौरन वापस लिए जाए ; आर के शर्मा

चोपन, सोनभद्र। गुरुवार को भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं ने चोपन विकास खंड के नेवारी ग्राम सभा में बढ़ती मंहगाई, बढ़ती बेरोजगारी और रसोई गैस के बढ़ते दाम पर आक्रोश व्यक्त करते हुए सरकार के खिलाफ जम कर नारेबाजी करते हुए विरोध दर्ज कराया और सरकार की जनविरोधी नीतियों को लेकर मोदी और योगी की सरकार के खिलाफ हल्ला बोला । भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा नेवारी ग्राम सभा में पूर्व से ही क्षेत्रीय कमेटी के गठन और जन समस्याओं को लेकर चौपाल आयोजित किया गया था।
जहां ग्रामीणों की समस्याओं के साथ बढ़ती मंहगाई, बेरोजगारी और तत्काल रसोई गैस के बढ़े कीमत का मुद्दा गरमाया। ग्रामीण और पार्टी नेतृत्व ने सरकार की जनविरोधी नीतियों को खूब कोसा और महंगाई और रसोई गैस के बढ़े दाम पर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
मौके पर उपस्थित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव कामरेड आर के शर्मा ने लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा कि जहां देश में लगातार बेतहाशा मंहगाई और बेरोजगारी है वहीं रसोई गैस सिलेंडर के दामों में आज से 50 रु0 की एक और बढ़ोत्तरी मोदी सरकार द्वारा कर दी गई । जिसकी हम भाकपा पार्टी के लोग कड़े से कड़े शब्दों में लोग निंदा करते है। यह वृद्धि महंगाई की मार से पहले ही बहुत पीड़ित जनता पर एक और करारा हमला है। उन्होंने ने कहा कि हिंदुत्व के स्वयंभू प्रवर्तकों ने हिंदुओं के होली जैसे सर्वाधिक मनाएं जाने वाले त्यौहार पर उन्हें गैस में कीमत बढ़ोत्तरी का तोहफा दिया है।
इस बढ़ोतरी के बाद, और ज्यादा लोगों के हाथ से सब्सिडी वाले रसोई गैस के सिलेंडर का उपयोग छूट जाएगा क्योंकि इसका दाम चुकाना उनके बूते से बाहर हो गया है। पहले ही यह नौबत आ चुकी है कि पिछले साल, उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों में से 10 फीसद से ज्यादा ने, एक बार भी सिलेंडर नहीं भरवाया था, जबकि करीब 12 फीसद ने सिर्फ एक बार फिर से सिलेंडर भरवाया था। कुल 56.5 फीसद ने 4 या उससे भी कम बार सिलेंडर फिर से भरवाया था, जोकि न्यूनतम जरूरत पूरी करने के लिए जरूरी है, जबकि रसोई गैस के उपभोग का राष्ट्रीय औसत 7 सिलेंडर का है और 12 सिलेंडर प्रतिवर्ष लेने का हक लोगों को है।
कॉमर्शियल उपयोग के रसोई गैस सिलेंडर के दाम में इस साल दूसरी बार बढ़ोतरी की गयी है। 350 रु0 50 पैसे की बढ़ोतरी के साथ इस सिलेंडर की कीमत 1769 रु0 से बढक़र 2119 रु0 हो गई। इससे तमाम तैयार होने वाले खाने पीने की चीज़ों के दाम बढ़ जाएगा और इससे महंगाई में और इजाफा होगा।
कीमतों में यह क्रूर बढ़ोतरी देश में बेरोजगारी, गरीबी और मुद्रास्फीति के बढ़ते जाने की पृष्ठभूमि में की गयी है। भाकपा मांग करती है कि इन बढ़ोत्तरियों को फौरन वापस लिया जाए।
भाकपा कार्यकर्ताओं के इस विरोध प्रदर्शन के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा क्षेत्रीय और ब्रांच कमेटी का भी गठन किया। जहां सर्वसम्मति से कामरेड चौधरी कोल को मंत्री , कामरेड देव नाथ बैगा व कामरेड राम टहल को सह मंत्री , कामरेड पप्पू भारती को कोषाध्यक्ष, कामरेड बुद्धन अग्रहरि को संगठन मंत्री के लिए चुना गया । इसके साथ ही श्रीमती सुधा देवी व मनिता कुमारी को महिला फेडरेशन , बनारसी व विश्वनाथ बैगा को नौजवान सभा, राम लखन व कालिका प्रसाद को खेत मजदूर यूनियन, कमलेश व राज कुमार को किसान सभा के क्षेत्रीय संयोजक पद के लिए चुना गया।
इस मौके पर प्रमुख रूप से कामरेड अशोक कुमार कन्नौजिया (एडवोकेट), कामरेड अमरनाथ सूर्य, कामरेड हृदय नारायण गुप्ता, कामरेड कमला प्रसाद, कामरेड बाबू लाल गुप्ता, कामरेड सुनीता देवी , कामरेड हीरावती देवी , धरमजीत , राजेन्द्र साहनी सुखलाल, अमरेश व धर्मेन्द्र पाल सहित दर्जनों की संख्या पार्टी कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्टी के जिला सचिव कामरेड आर के शर्मा जी व स्थानीय नेता कामरेड बुद्धन अग्रहरि जी ने संयुक्त रूप से किया और संचालन नौजवान सभा के नेता कामरेड कमला प्रसाद जी ने किया।



