श्रावण शिवरात्रि पर रिहंदेश्वर महादेव का हुआ भव्य रुद्राभिषेक

बीजपुर(रामजियावन गुप्ता) श्रावण शिवरात्रि के पावन अवसर पर रिहंदेश्वर धाम महादेव मंदिर में श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ विशेष रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। सर्वप्रथम भक्तों ने सुंदर काण्ड का तन्मयता से आधुनिक वाद्ययंत्रों के साथ सस्वर पाठ किया। तत्पश्चात मंदिर समिति के अध्यक्ष एवं अपर महाप्रबंधक योगेश त्रिपाठी जी ने विधि-विधानपूर्वक रिहंदेश्वर महादेव का रुद्राभिषेक किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने रुद्राभिषेक एवं पूजन में श्रद्धापूर्वक सहभागिता की। मंदिर के मुख्य पुजारी राधेश्याम दुबे ने विधिवत मंत्रोच्चार करते हुए रूद्राभिषेक कराया। मंदिर समिति के उपाध्यक्ष जी सी साहू, आर एन वर्मा, उपमहाप्रबंधक निशांत कमल, केंद्रीय विद्यालय के प्रिंसिपल अनुराग प्रकाश, मंदिर समिति के महासचिव प्रमोद दुबे, शशांक मालवीय, संजय कुमार, अनिल त्रिपाठी, एस के बी पाठक, रिंकेश उपाध्याय, अवनीश पांडे, सोनी पांडे, अनीता पाठक, हर्षिता उपाध्याय, आरती कुमारी, शशी श्रीवास्तव, भीष्म सिंह, भारत भूषण, पंडित विजय दुबे आदि पूरे भक्तिभाव से इस धार्मिक अनुष्ठान में सम्मिलित हुए।
मंदिर समिति के मीडिया प्रभारी अनन्त मोहन जी ने बताया कि श्रावण मास के दौरान रिहंदेश्वर धाम महादेव मंदिर में प्रतिदिन विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। तीन अगस्त सोमवार से प्रत्येक दिन प्रातःकाल बड़ी संख्या में श्रद्धालु डीएवी स्कूल के निकट टीटीएस स्थित शिव मंदिर से जल लेकर रिहंदेश्वर धाम महादेव मंदिर में जलाभिषेक करते हैं।

कुछ भक्तजन एन एच- -3 स्थित शिव मंदिर से जल लेकर रिहंदेश्वर महादेव का जलाभिषेक करते हैं। इस जलाभिषेक अभियान में महिला, पुरुष, बच्चे, बुजुर्ग सभी पूरे श्रद्धाभाव से शामिल हो रहे हैं। सायंकाल में महिला मंडली द्वारा भजन-कीर्तन एवं ऊं नमः शिवाय महामंत्र का ग्यारह माला सामूहिक जाप किया जा रहा है। तत्पश्चात रिहंदेश्वर महादेव का अद्भुत श्रृंगार किया जाता है। उसके बाद नियमित रूप से शयन आरती के बाद प्रसाद वितरण किया जाता है। इन सभी आयोजनों में श्रद्धालु बड़ी संख्या में सहभागिता कर रिहंदेश्वर महादेव का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। संपूर्ण सावन मास में मंदिर परिसर भक्तिमय एवं आध्यात्मिक वातावरण से ओत-प्रोत है।
मंदिर समिति द्वारा श्रद्धालुओं से सावन मास में आयोजित होने वाले विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने का आह्वान किया गया है। रिहंदेश्वर महादेव सभी का कल्याण करेंगे ऐसा श्रद्धालुओं में विश्वास है।



