तिरंगा यात्रा से देशभक्ति के रंग में रंगा राबर्ट्सगंज

सोनभद्र (विकास द्विवेदी) हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को तहसील परिसर राबर्ट्सगंज से बढ़ौली चौराहा तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में तिरंगा लिए छात्र छात्राओं, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं आमजन ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से पूरा नगर गूंज उठा।
मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना से जोड़ना है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। वहीं जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह ने कहा कि तिरंगा यात्रा युवाओं में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करती है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह भदौरिया, डीसी मनरेगा रविंद्र सिंह, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय सहित अन्य अधिकारियों ने भी तिरंगा लेकर यात्रा में सहभागिता की। यात्रा में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।देशभक्ति गीतों और नारों से वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर रहा। आम नागरिकों ने भी यात्रा का स्वागत करते हुए हर घर तिरंगा अभियान के प्रति अपना समर्थन जताया। इस दौरान नगर पालिका परिषद राबर्ट्सगंज क्षेत्र को तिरंगे के रंग में सजाया गया। लहराते राष्ट्रीय ध्वज और देशभक्ति के नारों से पूरा नगर स्वतंत्रता दिवस के उत्सव में रंगा नजर आया।




