सोनभद्र

सड़क हादसे में चौथी मौत इलाज के दौरान ड्राइवर ने तोड़ा दम

सोनभद्र (विकास द्विवेदी) वाराणसी शक्तिनगर मार्ग पर शनिवार को भेलाही बांध के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में घायल चालक ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही इस दर्दनाक हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। एक साथ चार युवकों की मौत से न केवल उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, बल्कि जिस घर से बारात निकली थी, वहां की खुशियां भी मातम में बदल गई हैं।
जानकारी के अनुसार चोपन थाना क्षेत्र के कन्हौरा गांव निवासी अखिलेश चौधरी की बारात रायपुर थाना क्षेत्र के पवनी गांव गई थी। बारात में शामिल होने के लिए दोस्त, रिश्तेदार और गांव के कई लोग पहुंचे थे। शादी समारोह संपन्न होने के बाद देर रात बारात से लौट रहे लोग महिंद्रा जायलो कार से वापस घर आ रहे थे।इसी दौरान राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में भेलाही बांध के समीप कार अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई।हादसा इतना भीषण था कि दूल्हे के तीन घनिष्ठ दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों में चालक छोटेलाल चौधरी (28) पुत्र लल्लू चौधरी निवासी कन्हौरा थाना चोपन की हालत बेहद गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए वाराणसी रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया। छोटेलाल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि छोटेलाल तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। वह पेशे से बाइक मैकेनिक थे और साथ ही अपनी गाड़ी किराये पर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके पीछे पत्नी और एक वर्ष का मासूम बेटा है, जिसके सिर से पिता का साया उठ गया। परिवार के लोग शनिवार रात उनका शव लेकर पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। घर में मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर, इस भीषण हादसे में एक साथ चार लोगों की मौत के बाद दूल्हे अखिलेश चौधरी के घर भी शोक का माहौल है। जिस घर में शादी की खुशियां गूंजनी थीं, वहां अब सन्नाटा और मातम पसरा है। परिजन और ग्रामीण इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध हैं। शादी की खुशियां कुछ ही घंटों में ऐसी त्रासदी में बदल जाएंगी, इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी। यह हादसा पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। एक ही बारात से लौट रहे चार युवकों की मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है।गांव-समाज में शोक की लहर है और हर आंख नम है।

Related Articles

Back to top button
BREAKING NEWS
श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर मानस परिवार समिति के तीसरी बार पुनः अध्यक्ष बने नीरज पाठक सीआईएसएफ-डीएफआई के बीच एमओयू, ड्रोन और एंटी-ड्रोन क्षमता को मिलेगी मजबूती विंध्य एक्सप्रेसवे के लिए शुरू हुआ मिट्टी का परीक्षण रामलीला कमेटी का पुनर्गठन, पुराने पदाधिकारियों पर फिर जताया भरोसा दो पिकअप से सात गोवंश बरामद दो अंतरजनपदीय गौ तस्कर गिरफ्तार विकास क्लब दुर्गा पूजा समिति दुद्धी के पुनः अध्यक्ष बनें रवि सचिव बने मनीष अधेड़ व्यक्ति ने गमछे के सहारे फांसी लगाकर की आत्महत्या तीन महीने से नौवीं की कक्षाओं का इंतजार, छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित तीज के गीतों पर झूमीं महिलाएं सोलह शृंगार से सजा उत्सव हेरोइन तस्करी के मामले मे दो फरार इनामिया गिरफ्तार
Download App