38वें अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन सम्पन्न
उद्घाटन मैच लखनऊ उप्र व बक्सर बिहार के बीच
दूसरा मैच चोपन व भदोही के बीच सोमवार को
दुद्धी, सोनभद्र (मु. शमीम अंसारी)। स्थानीय टाऊन क्लब क्रीड़ांगन पर रविवार को 38 वें अन्तर्राज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य उद्घाटन हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन प्रदेश सरकार के पूर्व वन्य जीव बोर्ड व अनुसूचित जाति जनजाति आयोग के सदस्य तथा पूर्व विधान सभा प्रत्याशी श्रवण सिंह गोंड ने फीता काटकर, कबूतर उड़ाकर, उद्घाटन मैच के प्रतिभागी दोनों टीम के खिलाड़ियों से परिचय एवं बालिंग-बैटिंग कर किया। समारोह को सम्बोधित करते हुए बतौर मुख्य अतिथि श्रवण सिंह गोंड़ ने कहा कि केंद्र सरकार से लेकर प्रदेश में सत्तासीन भाजपा सरकार खेलों को बढ़ावा देने व खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ती। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर मुख्यमंत्री योगी जी तक नेशनल प्रतिस्पर्धाओं में स्थान अर्जित करने वाले खिलाड़ियों का व्यक्तिगत सम्मान करते हैं। दुद्धी में भी खेल के प्रति लोगों में अच्छी रुझान देखने को मिलती है। इस क्षेत्र के खेल व खिलाड़ियों में प्रोत्साहन के लिए पूरा योगदान देकर, होनहार खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने का काम किया जायेगा। उन्होंने कहा कि विगत 37 वर्षों से भव्य अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाना क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। आज 38वें वर्ष के आयोजन के लिए कमेटी बधाई का पात्र है। उन्होंने लखनऊ उप्र व बक्सर बिहार के बीच खेले जाने वाले उद्घाटन मैच में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए दोनों टीमों को शुभकामनाएं दी। तत्पश्चात गरीबों में कम्बल भी बांटे। उद्घाटन समारोह को पूर्व चेयरमैन राजकुमार अग्रहरि और दिलीप पांडेय ने भी संबोधित कर आयोजन समिति को बधाई दी।
उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता कर रहे नगर चेयरमैन कमलेश मोहन ने कहा कि दुद्धी खेल कुम्भ की नगरी है। यहां के लोगों का खेल से अगाध प्रेम रहा है। वर्षभर में खेल के कई आयोजन होते हैं। जिनमें नगर पंचायत बढ़-चढ़कर अपना योगदान देती है। उन्होंने आयोजक मंडल एवं खिलाड़ियों का आभार जताते हुए हर सम्भव मदद का आश्वासन दिया। संचालन सचिव अंकुर बच्चन, मनीष जायसवाल व इरफान ने संयुक्त रूप से किया।
इस दौरान पूर्व चेयरमैन कमल कानू, वरिष्ठ अधिवक्ता राजन श्रीवास्तव, चौकी प्रभारी एमपी सिंह, डीसीएफ डायरेक्टर संजू तिवारी, सभासद प्रेम नारायण सिंह मोनू, आमेश सिंह, अमरनाथ जायसवाल, टाउन क्रिकेट टीम के अध्यक्ष सुमित सोनी, सचिव अंकुर बच्चन, विकास मद्देशिया, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष दीपक शाह, टीसीडी कप्तान सागर विश्वकर्मा, रजतराज सहित टाऊन क्रिकेट क्लब टीम के खिलाड़ी व पदाधिकारी उपस्थित रहे।



