लो स्कोर मधुवापुर बिहार की टीम को रावर्टसगंज ने 7 विकेटों से किया पराजित

पिछले साल की विजेता का दिग्विजय अभियान जारी

आज पुनः क्वाटर फाईनल में भिड़ेगी सिंगरौली मप्र से

अंतरराज्जीय क्रिकेट टूर्नामेंट का 11वां मैच

मैन ऑफ द मैच बने रावर्टसगंज के हरफनमौला खिलाड़ी आशुतोष
दुद्धी, सोनभद्र। गत वर्ष 36वें अंतरराज्जीय क्रिकेट टूर्नामेंट की विजेता राबर्ट्सगंज की टीम अतीत उनके पक्ष में और वर्तमान में आत्मविश्वास काफी ऊंचा नजर आया। सोमवार को रावर्टसगंज ने 37वें टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में मधुवापुर बिहार को सात विकेटों से हराकर अपना दिग्विजय अभियान जारी रखा। मैच की बावत जानकारी देते हुए आयोजन समिति के संरक्षक मोहम्मद शमीम अंसारी ने बताया कि मैच का टॉस सुपरस्टार रावर्टसगंज के कप्तान संतोष सोनी ने जीता और पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। बिहार की टीम 16.3 ओवर में मात्र 87 रन बनाते-बनाते ऑल आउट हो गई। रोशन शाह ने पांच चौकों की मदद से सर्वाधिक नाबाद 29 रनों की पारी खेली। उद्घाटक बल्लेबाज वायुमंडल ने 8 रन बनाए। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया। एक्स्ट्रा के रूप में मिले 17 रन बिहार की टीम के स्कोर को 87 रन तक पहुंचाया। सुपरस्टार के गेंदबाजों में नितिन ने तीन, आशुतोष, शिवम व बृजेश ने दो-दो विकेट हासिल किया। दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए उतरी सुपरस्टार रावर्टसगंज की टीम मात्र 7.3 ओवर में ही अपने तीन विकेट खोकर जीत के निर्धारित लक्ष्य को पूरा कर लिया। राबर्ट्सगंज के बल्लेबाजों में सलामी बल्लेबाज आशुतोष ने पांच छक्कों और एक चौके की मदद से सर्वाधिक 36 रन बनाए। बृजेश ने 18, शिवम ने 17 और अनुराग ने 3 चौके लगाते हुए 12 रन बनाए। बिहार के गेंदबाजों में चंदन ने दो व रोशन शाह ने एक विकेट हासिल किया। बालिंग करते हुए 2 विकेट तथा बल्लेबाजी करते हुए 36 रन बनाने वाले रावर्ट्सगंज के खिलाड़ी आशुतोष को मैन आफ द मैच घोषित कर व्यापारिक प्रतिष्ठानों द्वारा मुहैय्या कराए गए दर्जनों इनामों से मुख्य अतिथि क्षेत्र पंचायत सदस्य उदय जायसवाल द्वारा पुरस्कृत किया गया। 7 विकेटों से शानदार जीत दर्ज करने वाली सुपरस्टार रावर्टसगंज की टीम लगातार अपना दूसरा मैच मंगलवार को सिंगरौली मध्य प्रदेश से क्वाटर फाइनल के रूप में खेलेगी। मैच की अम्पायर रजत राज व अनुराग चौरसिया रहे। कमेंट्री मु. शमीम अंसारी और सुनील जायसवाल व स्कोरिंग अयाज खान तथा अयान खान ने की।



