अंतर्राष्ट्रीय पैमाने पर बन रही दुद्धी में ड्यूज बाल क्रिकेट पिच

विजेता को ₹50 व उपविजेता को 25 हजार का नगद पुरस्कार

26 दिसंबर से शुरू होने वाले प्रतिस्पर्धा में 8 राज्यों की दो दर्जन टीमें करेंगी प्रतिभाग
दुद्धी, सोनभद्र (एम.एस.अंसारी)। कस्बे में 37वां अंतरराज्जीय क्रिकेट टूर्नामेंट इस साल 26 दिसंबर से शुरू होने जा रहा है। खेल धर्म के सबसे बड़े इस पर्व की तैयारी युद्ध स्तर पर जारी है। क्रिकेट के इस ईनामी प्रतिस्पर्धा में पिच का निर्माण अंतरराष्ट्रीय मापदंड पर किया जा रहा है। 133 मीटर लंबे व 67 मीटर चौड़े टाउन क्लब क्रीड़ांगन के बिल्कुल मध्य पिच का निर्माण किया जा रहा है। काली मिट्टी, धौरा का गोंद, बुरादा आदि के साथ-साथ मेजबान टीम के खिलाड़ियों के खून-पसीने के मिश्रण से तैयार की जा रही पिच का निर्माण पिच क्यूरेटर व पिच विशेषज्ञों की देखरेख में कराया जा रहा है। पिच विशेषज्ञ वेटरन खिलाड़ी सलीम खान और सीनियर खिलाड़ी सुमित सोनी ने संयुक्त रूप से बताया कि इस पिच पर पचास हजार से ऊपर की लागत आने की संभावना है। काली मिट्टी से निर्मित यह विकेट बिल्कुल सपाट है, जो बल्लेबाजों के लिए मददगार साबित होगी। बल्लेबाज धैर्य से बल्लेबाजी करे तो यहां रनों का अंबार खड़ा कर सकता है।
टूर्नामेंट के आयोजन समिति के अध्यक्ष जबीं खान इन दिनों टाउन क्लब क्रीड़ांगन की चारदीवारी, खिलाड़ी विश्रामालय, कमेंट्री बॉक्स, स्कोर बोर्ड, साइड स्क्रीन, पवेलियन, सार्वजनिक मंच के रंग रोगन के साथ-साथ समूचे खेल मैदान की साफ सफाई में खासे मशगूल हैं। श्री खान कहते हैं कि पूरे फील्ड में इस बार कहीं भी स्पॉट न दिखाई देने का प्रयास है। खेल मैदान को पूर्ण रूप से बैरिकेटिंग किया जा रहा है। टूर्नामेंट के उद्घाटन के पूर्व क्रिडांगन के तीनों गेट को बंद किये जाएंगे, जिससे मवेशी व वाहन न घुस सकें।
आयोजन समिति के सचिव अंकुर बच्चन ने बताया कि 26 दिसंबर से शुरू होने वाली क्रिकेट की इस ईनामी प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश सहित झारखंड, बिहार, हरियाणा, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, मुम्बई, पंजाब सहित लगभग आठ राज्यों की लगभग दो दर्जन प्रतिभाग करेंगी। अब तक प्रवेश की इच्छुक 47 टीमों की एंट्री आवेदन पत्र आयोजन समिति को प्राप्त हो चुकी है। इसमें राज्य व जिला स्तरीय टीमें शामिल है।
मेजबान टीम के कप्तान रजत राज ने बताया कि कई प्रदेशों में अपने लोकप्रियता का पताका गाड़ चुके दुद्धी क्रिकेट की इस इनामी प्रतिस्पर्धा में इस साल खासा बढ़ोत्तरी की गई है। 37 साल के सफर में पहली बार घोषित विजेता को पचास तथा उपविजेता को 25 हजार की नगद ईनामी धनराशि बेहतरीन टीमों को प्रतिभाग करने के जैसे होड़ मचा दी है। वहीं बेहतरीन आवाभगत व दर्शकों की खासी भीड़ खिलाड़ियों को टीसीडी ग्राउंड पर खेलने के लिए प्रेरित करती है।
आयोजन समिति के संरक्षक मु.शमीम अंसारी ने बताया कि प्रवेश की इच्छुक टीमों के आवेदन पत्रों का संकलन जारी है। 23 दिसंबर को आयोजन समिति एक गोपनीय बैठक कर टीमों का चयन तथा टाईशीट को मूर्तरूप देने का काम करेगी। प्रतियोगिता में एंट्री पाई टीमों को टाईशीट 24 दिसंबर तक फैक्स/मेल कर दिया जाएगा। पिच निर्माण में योगदान दे रहे मेजबान खिलाड़ियों में कप्तान रजत राज, सीनियर खिलाड़ी सुमित सोनी, अंकुर बच्चन, निशांत मोहन, शुभम सोनी, धर्मेंद्र मिश्रा, ओमकार शुक्ला, रवि, सागर, रेहान खान, अयाज, रितेश, शोएब, सृजन, धीरज, इरफान, सनी, नागेंद्र, गौस, अयान, ऋतिक, युवराज, निशु, टिनी आदि शामिल रहे।



