सोनभद्र

कुदरी जन चौपाल में 86 शिकायतें पहुंचीं डीएम के दरबार

एक सप्ताह में समस्याओं के समाधान का निर्देश, जन चौपाल में बोले डीएम

राज्यमंत्री संजीव गोंड ने गिनाईं सरकार की योजनाएं, छात्राओं को साइकिल वितरण व वृक्षारोपण भी हुआ

म्योरपुर/सोनभद्र/(विकास अग्रहरि)

म्योरपुर। विकास खंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुदरी स्थित पंचायत भवन में शनिवार की शाम जिलाधिकारी चर्चित गौंड़ की अध्यक्षता में सांध्यकालीन जन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जन चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने भूमि विवाद, सड़क, बिजली, सिंचाई तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित कुल 86 शिकायतें लिखित रूप से जिलाधिकारी को सौंपीं।
जिलाधिकारी चर्चित गौंड़ ने सभी शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर समस्याओं के निस्तारण के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि आमजन की समस्याओं का समाधान समयबद्ध ढंग से किया जाए और किसी भी पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहना पड़े।

कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी चर्चित गौंड़, राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड, अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के उपाध्यक्ष जीत सिंह खरवार, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदलाल गुप्ता तथा ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड द्वारा छात्राओं को साइकिल वितरण से हुई। इसके बाद सभी अतिथियों ने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
ग्राम प्रधान रामदास गोंड ने अतिथियों का गुलदस्ता भेंट कर, पारंपरिक तीर-कमान और बांस की टोपी पहनाकर स्वागत किया। जन चौपाल में ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। ग्रामीणों ने एक गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। वहीं रपटा क्षतिग्रस्त होने से आवागमन में हो रही परेशानी का मुद्दा भी उठाया गया।

ग्रामीण रामबृक्ष ने सिंचाई कूप की समस्या बताते हुए कहा कि उन्हें किसान सम्मान निधि योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। महुआ टोला के ग्रामीणों ने बिजली और सड़क की समस्या उठाते हुए बताया कि आज भी उन्हें पगडंडी के सहारे आवागमन करना पड़ता है।

मुख्य अतिथि एवं राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि दुद्धी क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आने वाले समय में क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
इससे पूर्व जिलाधिकारी ने आदिवासी छात्राओं को साइकिल वितरित की, गोद भराई कार्यक्रम में भाग लिया तथा मनरेगा प्रेरणा भवन का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम में सुषमा सिंह, शारदा खरवार, एसडीएम निखिल यादव, क्षेत्राधिकारी राजेश राय, डीपीआरओ नमिता शरण, एडिशनल सीएमओ डॉ. गुलाब चंद, आजीविका मिशन के रवि, खंड विकास अधिकारी दिनेश कुमार मिश्र, सीडीपीओ सुरेश चंद्र, गणेश जायसवाल,रामवृक्ष विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह ने किया।

Vikash Agrahari

विकास अग्रहरी सोनभद्र म्योरपुर निवासी है। कम समय मे विकास अग्रहरी आज जिले की पत्रकारिता मे एक जाना पहचाना नाम है।

Related Articles

Back to top button
BREAKING NEWS
ओबरा ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन की तहसील स्तरीय बैठक संपन्न, आगामी जिला सम्मेलन की तैयारियों पर हुआ वि... श्री अचलेश्वर महादेव मंदिर मानस परिवार समिति के तीसरी बार पुनः अध्यक्ष बने नीरज पाठक सीआईएसएफ-डीएफआई के बीच एमओयू, ड्रोन और एंटी-ड्रोन क्षमता को मिलेगी मजबूती विंध्य एक्सप्रेसवे के लिए शुरू हुआ मिट्टी का परीक्षण रामलीला कमेटी का पुनर्गठन, पुराने पदाधिकारियों पर फिर जताया भरोसा दो पिकअप से सात गोवंश बरामद दो अंतरजनपदीय गौ तस्कर गिरफ्तार विकास क्लब दुर्गा पूजा समिति दुद्धी के पुनः अध्यक्ष बनें रवि सचिव बने मनीष अधेड़ व्यक्ति ने गमछे के सहारे फांसी लगाकर की आत्महत्या तीन महीने से नौवीं की कक्षाओं का इंतजार, छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित तीज के गीतों पर झूमीं महिलाएं सोलह शृंगार से सजा उत्सव
Download App